माई सिटी रिपोर्टर
चंडीगढ़। रामदरबार स्थित मंडी ग्राउंड के पास उत्तराखंड के दो व्यक्तियों को बस में सामान लोड करवाने का झांसा देकर तीन शातिर 32 हजार रुपये और दो मोबाइल लेकर फरार हो गए। सेक्टर-31 थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब सवा तीन बजे सूचना मिली कि रामदरबार स्थित मंडी ग्राउंड के पास दो व्यक्तियों से शातिर 32 हजार और दो मोबाइल लेकर फरार हो गए हैं। सेक्टर-31 थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पीड़ितों का बयान दर्ज किया। पुलिस को दिए बयान में पीड़ित हराधन ने बताया कि वह मूलरूप से उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर का निवासी है। वह और उसका दोस्त चंडीगढ़ में मजदूरी करते हैं। बुधवार को दोनों अपने गांव लौटने के लिए रामदरबार स्थित बस स्टैंड पर पहुंचे। उन्हें वहां दो व्यक्ति मिले। उन दोनों व्यक्तियों ने बताया कि उन्हें भी उत्तराखंड जाना है। शातिरों ने बस में उनका भी सामान लोड करने का झांसा दिया। इतने में वहां तीसरा शातिर आकर बोला कि जो कुछ भी उनके पास है तो उन सभी सामानों की पर्ची कटेगी। तभी वह बस में जा सकेंगे। हराधन व उसका साथी शातिरों के झांसे में आ गए और 32 हजार रुपये देकर पर्ची काटने के लिए कहा। शातिरों ने कहा कि पर्ची कटवाते ही उनके मोबाइल पर ओटीपी आएगा, जो उन्हें बताना होगा। हराधन व उसके साथी ने कहा कि उन्हें ओटीपी देखना नहीं आता है, खुद ही देखकर भर लें। शातिर रुपयों के साथ हराधन व उसके साथी का मोबाइल लेकर फरार हो गए। काफी देर तक जब वह नहीं लौटे तो पीड़ितों ने आसपास के लोगों को घटना के बारे में बताया। पुलिस का कहना है कि अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।