चंडीगढ़। यूटी प्रशासन की ओर से रॉक गार्डन को खोले जाने के आदेश के बाद बुधवार को पहले दिन 2700 लोग घूमने पहुंचे। सुबह 10 बजे खुले रॉक गार्डन में शाम 7 बजे तक 18 वर्ष से ज्यादा उम्र के2500 और 200 बच्चे पहुंचे। इस दौरान टिकट काउंटर पर 77 हजार रुपये की राशि एकत्रित हुई।
कोरोना के लगातार बढ़ते संक्रमण की वजह से तीन महीने पहले रॉक गार्डन को बंद कर दिया गया था। रॉक गार्डन के साथ सुखना लेक, खेल सेंटर, आर्ट व कल्चर से जुड़ी सभी गतिविधियों को बंद कर दिया गया था। पिछले कुछ समय से कोविड संक्रमण दर में कमी को देखते हुए सुखना लेक और खेल परिसर को खोला जा चुका है, लेकिन रॉक गार्डन को प्रशासन की ओर से जारी आदेश के बाद बुधवार को खोला गया। हालांकि, अभी आर्ट व कल्चर से जुड़ी गतिविधियाें को शुरू नहीं किया गया है। रॉक गार्डन और सुखना लेक पर पहुंची लोगों की भारी भीड़ पर नजर रखने के लिए पुलिस विभाग की टीमें भी उपस्थित रहीं। विभिन्न टीमों ने दोनों जगह 63 लोगों का चालान किया, जिन्होंने मास्क नहीं पहना था और सामाजिक दूरी के नियमों का पालन नहीं कर रहे थे।
अभी नई फिल्म रिलीज केपक्ष में नहीं हैं निर्माता
यूटी प्रशासन ने 50 फीसदी दर्शकों के साथ सिनेमा हाल खोलने की छूट दी है, लेकिन अभी सिनेमा हाल की रौनक लौटने में कम से कम एक से दो हफ्ते लग जाएंगे। सिनेमा हॉल संचालक एक बार फिर रिस्क लेने के मूड में नहीं है। दूसरा कारण यह भी है कि कोई भी निर्माता अपनी नई फिल्म को अभी सिनेमा घरों में रिलीज केलिए तैयार नहीं है। एलांते स्थित पीवीआर केसंचालकों का कहना है कि वह प्रशासन केआदेश को अभी पढ़ रहे हैं और कैसे नियमों का पालन किया जा सकता है, इस पर विचार-विमर्श चल रहा है। एक-दो दिन में फैसला लिया जाएगा कि कब से सिनेमा हॉल को लोगों केलिए खोला जाए। सिनेमा घर संचालकों का कहना है कि वह दूसरे राज्यों से भी फीडबैक लेंगे क्योंकि पंजाब में काफी पहले सिनेमा हाल को खोलने की इजाजत मिल चुकी है। दोबारा खुलने के बाद वहां दर्शकों की क्या स्थिति है। वहां के सिनेमा हाल में कितने दर्शक आ रहे हैं, किस तरह की परेशानियां सामने आ रही हैं, यह सब देखने के बाद ही सिनेमा हाल को खोलने पर विचार विमर्श होगा। क्योंकि सिनेमा हाल खोल दिए और दर्शक ही नहीं आए तो इससे खर्चा और भी ज्यादा बढ़ जाएगा।