फिल्मी परदे पर बॉलीवुड अदाकारा रानी मुखर्जी की मर्दानी और चार अन्य हिंदी और हॉलीवुड फिल्मों का सामना सिटी के सेंट कबीर स्कूल सेक्टर-26 के 26 विद्यार्थियों की छह शॉर्ट फिल्में करने वाली हैं, जो 24 अगस्त (रविवार) को एलांते मॉल के पीवीआर में रिलीज होंगी।
इन फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग सुबह 10 से 11.40 बजे रखी गई है। इस शो की स्पेशल गेस्ट के तौर स्कूल मैनेजमेंट ने सांसद किरण खेर का आमंत्रित किया है।
साथ ही शो के खास मेहमानों में सरकारी मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल मौलीजागरां के विद्यार्थी होंगे। इस फिल्म का स्कूल की यंग फिल्म मेकर्स एकेडमी की ओर से लेखन, निर्देशन और निर्माण किया गया है, जिसे विद्यार्थियों ने पांच महीने की कड़ी मेहनत में तैयार किया।
वीरवार को स्कूल परिसर में एकेडमी की टीचर श्वेता पारेख और विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए गए। इस मौके पर स्कूल के एडिमिनिस्ट्रेटर गुरप्रीत सिंह बख्शी मौजूद थे।
दोस्तों और फैमिली के बीच फिल्म देखने को उत्साहित
यह फिल्म तीन से 9 मिनट की होगी। छात्र शुभम ने बताया कि वह फिल्म की स्क्रीन को लेकर उत्साहित हैं। उसने अपने फैमिली और दोस्तों को आमंत्रित किया है। सभी विद्यार्थियों ने कहा कि यह उनके लिए गर्व की बात है कि उनकी फिल्म बॉलीवुड सितारों के शो के बीच रिलीज हो रही है।
छात्र जसलीन, तनवीर और वेभव ने बताया कि सभी ने एक टीम की तरह काम किया, जिसमें उन्हें बेहद मजा आया। फिल्म मेकिंग का अनुभव उनकी जिंदगी का सबसे यादगार पल बन गया हैं। यंग फिल्म मेकर्स एकेडमी की संचालक टीचर श्वेता पारेख ने बताया कि यह फिल्म पूरी तरह से फ्री होगी।