वह दिसंबर में वहां पहुंचा लेकिन कुछ ही दिनों बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया था। अपने भाई जसविंदर को लेने एयरपोर्ट पहुंचे जगदीप ने बताया कि वह 11 महीने के बाद वतन लौट रहा है। जसविंदर मलेशिया में काम करने गया था। ट्रैवल एजेंट ने लाखों की राशि वसूली लेकिन मात्र एक महीने का वीजा मिला।
वीजा समाप्त होते ही वहां की पुलिस ने भाई को गिरफ्तार कर लिया। एक महिला संदीप ने बताया कि मलेशिया में फंसे अपने पति को वापस लाने के लिए उन्होंने हरसिमरत कौर बादल को एक पत्र लिखा था। मलेशिया से आने वाले उनके पति से कोई भी टिकट व अन्य किराया नहीं लिया गया है। लवप्रीत सिंह ने बताया कि उसका भाई फरवरी में मलेशिया गया था। वहां जाते ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया। वह पांच महीने की सजा काट कर घर लौट रहा है। एक रिश्तेदार ने ही लाखों की राशि लेकर मलेशिया भेजने के नाम पर धोखा किया है।
अपने-अपने जिलों में होंगे क्वारंटीन: भाटिया
एसडीएम दीपक भाटिया ने बताया कि मलेशिया से लौटे 125 पंजाबियों की क्लीयरेंस हुई है। जब तक सभी को इमीग्रेशन क्लीयरेंस नहीं मिल जाती, तब तक कितने पंजाबी लौटे है, उसकी सही संख्या नहीं बताई जा सकती। उन्हें जानकारी दी गई है कि जहाज से 240 पंजाबी लौटे हैं। हवाई अड्डे में तैनात मेडिकल स्टाफ इनकी जांच कर रहा है। सामाजिक दूरी के नियमों का पालन करवाया जा रहा है। कोरोना काल के दौरान शनिवार को हवाई अड्डे में लैंड करने वाली यह 60वीं उड़ान है। वापस लौटे पंजाबी जिस जिले से हैं, उन्हें वहां क्वारंटीन किया जाएगा।