पंजाब के होशियारपुर में तलवाड़ा रोड पर अड्डा झीर दा खुह के पास तलवाड़ा से दसूहा को जा रही खालसा निजी कंपनी की बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे सफेदे के पेड़ से जा टकराई। इससे बस में बैठे यात्रियों के साथ ही चालक व परिचालक भी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार खालसा निजी कंपनी की बस तलवाड़ा से दसूह जा रही थी। बस जब झीर दा खूह के पास पहुंची तो सवारियों को लेने के चक्कर में बस तेज रफ्तार थी। इसी दौरान चालक ने बस पर से अपना नियंत्रण खो दिया। इससे बस सड़क के किनारे एक पेड़ से जा टकराई। राहगीरों की मददफ़ से यात्रियों को बस से निकालने के बाद सरकारी अस्पताल हाजीपुर ले जाया गया। जहां कुछ मरीजों की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें सिविल अस्पताल मुकेरियां रेफर कर दिया।
घायलों की पहचान बस चालक भूपिंदर सिंह निवासी दसूहा, मुनीश कुमार व उसकी पत्नी सुमन निवासी बहा लखन, रछपाल सिंह निवासी उरमुड़ टांडा, राम प्रकाश निवासी बहा लखन, रतन कौर निवासी रनसौता, सतनाम सिंह निवासी सिबोचक के रूप में हुई है। सपना निवासी टोटे, भारती निवासी संधवाल, जीवन देवी निवासी श्री पांडयान, आरती निवासी ऊना हिमाचल प्रदेश, गगनदीप कौर निवासी हाजीपुर, साक्षी निवासी संधवाल, सुखदेव सिंह निवासी उरमुड़ टांडा, विनोद फाजिल्का निवासी कुमार, पारीका निवासी सन्नी, खुंडा निवासी समीर के रूप में हुई है। हादसे की वजह बस में किसी तरह की खराबी बताई जा रही है।
मुकेरियां सिविल अस्पताल के डॉक्टरों ने भी एक घायल व्यक्ति की गंभीर हालत को देखते हुए उस जालंधर के किसी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है। तलवाड़ा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हादसे की जांच शुरू कर दी है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस बेहद ही खस्ता हाल में थी। मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि खस्ताहाल बस इस कदर बदहाल थी कि हादसे के दौरान पेड़ से टकराने के बाद बस की सीटें ही फर्श से उखड़ गई। बस में सवार लोगों का कहना है कि अगर बस ठीक हालत में होती तो शायद यात्री इतने घायल न होते।