गड्ढे में गिरकर 23 वर्षीय युवक की मौत, हादसे के बाद लगाई बैरिकेडिंगहल्लोमाजरा रोड की स्लिप रोड पर ठेकेदार ने खोदा था गड्ढा, न चेतावनी बोर्ड लगाया और न बैरिकेडिंग की पिता ने अधिकारियों और ठेकेदार पर कार्रवाई मांगी
माई सिटी रिपोर्टर
चंडीगढ़। हल्लोमाजरा रोड की स्लिप रोड पर निर्माण कार्य के दौरान खोदे गए गड्ढे के आसपास सुरक्षा इंतजाम नहीं होने से मौलीजागरां निवासी 23 वर्षीय निखिल शर्मा की जान चली गई। देर रात मोटरसाइकिल से गुजरते समय निखिल गड्ढे में गिर गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि घटनास्थल पर न बैरिकेडिंग की गई थी और न ही चेतावनी बोर्ड लगाया गया था। हादसे के बाद रातोंरात वहां बैरिकेडिंग और दूसरे सुरक्षा इंतजाम कर दिए गए।
परिजनों के अनुसार, हादसा बुधवार रात करीब साढ़े 12 बजे हुआ। रात करीब एक बजे निखिल के पिता को सूचना मिली। मौके पर पहुंचे तो निखिल गड्ढे में पड़ा था और उसकी मोटरसाइकिल उलटी फंसी हुई थी। निखिल परिवार का इकलौता बेटा था। उसके पिता टेलर हैं।
दोस्त भी उसी गड्ढे में गिरने से बचा
निखिल के दोस्त ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने पर वह एक्टिवा से मौके पर पहुंचा था। उस समय वहां कोई बैरिकेडिंग नहीं थी। गड्ढा अचानक सामने आने पर वह समय रहते संभल गया। लौटते समय वहां बैरिकेडिंग लगा दी गई थी और पेड़ काटकर भी सुरक्षा के लिए डाल दिए गए थे।
निखिल के पिता ने कहा कि मौके पर चेतावनी बोर्ड या बैरिकेडिंग होती तो शायद उनका बेटा बच जाता। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। परिवार ने मौलीजागरां थाना पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कुछ दिन पहले गड्ढे के कारण हुई थी महिला की मौत
सेंट्रा मॉल से कॉल नंबर-4 लाइट पॉइंट की ओर जाने वाली सड़क पर लेक्सस शोरूम के सामने बने गड्ढे के कारण कुछ दिन पहले एक महिला की जान चली गई थी। गड्ढा देखकर मोटरसाइकिल सवार महिला ने अचानक ब्रेक लगाए थे। इससे वह और उसकी बेटी सड़क पर गिर गई थीं। पीछे से आए तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से महिला की मौत हो गई थी। लगातार हादसों के बावजूद निर्माण स्थलों पर सुरक्षा इंतजामों की कमी बनी हुई है।