मृतक नौजवान किसान भिंदर सिंह का फाइल फोटो।
नौकरी न मिलने और परिवार पर चढ़े कर्ज से परेशान होकर गांव बीरेवाला जट्टां के किसान ने जहरीला पदार्थ खाकर खुदकुशी कर ली। मंगलवार को शाम जहर खाने के बाद उसकी हालत बिगड़ गई और मानसा के एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया, जहां बुधवार शाम उसकी मौत हो गई। गुरुवार को सिविल अस्पताल मानसा में पोस्टमार्टम हुआ। जोड़कियां पुलिस ने शव वारिसों को सौंप दिया।
वीरेवाला जट्टां निवासी नौजवान किसान भिंदर सिंह (21) पुत्र नछतर सिंह की नरमे व पिछले समय बाजरे की फसल खराब हो गई थी। सरकार की तरफ से उन्हें मुआवजे के तौर पर कोई भी पैसा नहीं मिला। भिंदर सिंह के पिता नछतर सिंह व रिश्तेदार लखविंदर सिंह ने बताया कि उनके परिवार पर सोसाइटी, गांव में देनदारी व आढ़ती का करीब 5 लाख रुपये का कर्ज था, जिस कारण वह परेशान रहता था।
भिंदर सिंह फौज में भर्ती होने हेतु कई बार अपने अन्य टेस्ट पास कर चुका था लेकिन उसके 12वीं कक्षा के सर्टिफिकेट में दर्ज नाम में कुछ गलती होने की वजह से भर्ती न हो पाया, जबकि उसके दोस्त फौज आदि में भर्ती हो चुके थे। इसको लेकर भी भिंदर सिंह परेशान रहता था। इसलिए उसने कोई जहरीली चीज खाकर उसने जान दे दी। वह अभी तक अविवाहित था। जोड़किया पुलिस के थानेदार जगदीश सिंह ने बताया कि कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के बाद शव वारिसों को सौंप दिया है। मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया गया है।