चंडीगढ़/पंचकूला/मोहाली। ट्राइसिटी में वीरवार को रिकॉर्ड 2094 नए संक्रमित मिले। एक दिन में मिलने वाले संक्रमितों का यह अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। इससे पहले 18 अप्रैल को ट्राइसिटी में 2013 संक्रमित मिले थे। वीरवार को चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला तीनों शहरों में रिकॉर्ड मरीज मिले। सबसे अधिक 931 मोहाली, 634 चंडीगढ़ और 529 लोग पंचकूला में संक्रमित पाए गए। वहीं, 13 मरीजों की मौत की पुष्टि की गई। मृतकों में चार चंडीगढ़, सात मोहाली और दो पंचकूला के रहने वाले थे।
चंडीगढ़ में वीरवार को जिन चार मरीजों की मौत की पुष्टि की गई, उनमें से सेक्टर-30 निवासी 40 वर्षीय पुरुष ने इलाज के दौरान पंचकूला के निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया। वह कोरोना पॉजिटिव होने के साथ ही सांस की व किडनी की गंभीर बीमारी से पीड़ित थे। वहीं, सेक्टर-51 निवासी 52 वर्षीय महिला की इलाज के दौरान जीएमएसएच-16 में मौत हो गई। वह कोरोना पॉजिटिव होने के साथ उच्च रक्तचाप व किडनी की गंभीर बीमारी से पीड़ित थीं। इनके अलावा मनीमाजरा निवासी 70 वर्षीय वृद्ध की पीजीआई में मौत हो गई। वह कोरोना पॉजिटिव होने के साथ ही उच्च रक्तचाप व किडनी की गंभीर बीमारी से पीड़ित थे जबकि सेक्टर-26 निवासी 62 वर्षीय वृद्ध की इलाज के दौरान जीएमसीएच में मौत हो गई। वह मधुमेह व सांस की गंभीर बीमारी से पीड़ित थे।
चंडीगढ़ में स्वास्थ्य विभाग ने बीते 24 घंटे के दौरान 2984 लोगों की कोरोना जांच की, जिनमें से 634 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई जबकि 55 की रिपोर्ट आनी बाकी है। संक्रमित मिले 634 मरीजों में पुरुषों की संख्या 381 और महिलाओं की संख्या 253 रही। वीरवार को मनीमाजरा में 46, मौलीजागरां में 13, रामदरबार में 14, धनास में 15, डड्डूमाजरा में 13, सेक्टर 38 वेस्ट में 11, सेक्टर 51 में 14, सेक्टर 49 में 14 ,सेक्टर 48 में 12, सेक्टर 46 में 17, सेक्टर 45 में 16, सेक्टर 44 में 13 , सेक्टर 42 में 15, सेक्टर 40 में 14, सेक्टर 37 में 14 , सेक्टर 22 में 28, सेक्टर 21 में 18, सेक्टर 16 में 12 और सेक्टर 15 में 14 पॉजिटिव मरीज मिले।
तेजी से बढ़ते पॉजिटिव केस से शहर में एक्टिव केस की संख्या 4273 पर पहुंच गई है जबकि अब तक 427 मरीजों की मौत हो चुकी है। उधर, वीरवार को एकांतवास में रखे गए 482 मरीजों को 10 दिन की अवधि पूरी हो जाने के बाद डिस्चार्ज किया गया।
बॉक्स
संक्रमण दर 15.7 पर पहुंचा, बढ़ी चिंता
शहर में कोरोना की संक्रमण दर कम होने का नाम नहीं ले रही है। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार 6 से 12 अप्रैल के बीच संक्रमण दर 12.9 थी जो 13 अप्रैल से बढ़कर 15.7 पर पहुंच गई है। संक्रमण का बढ़ा हुआ स्तर लगातार स्थिर बना हुआ है। इससे स्वास्थ विभाग के साथ ही प्रशासन के चिंताएं काफी बढ़ गई हैं।
बॉक्स
चंडीगढ़ में लगातार पांच दिनों से संक्रमितों का आंकड़ा 600 के पार
दिन पॉजिटिव केस
22 अप्रैल 634
21 अप्रैल 622
20 अप्रैल 602
19 अप्रैल 612
18 अप्रैल 625