चंडीगढ़। भारतीय सीनियर महिला फुटबॉल टीम की सबसे छोटी उम्र की खिलाड़ी मनीषा को एआईएफएफ ने इमर्जिंग (प्रतिभाशाली) फुटबॉलर ऑफ द ईयर 2020-21 के अवॉर्ड मिला है। इस उपलब्धि से 19 वर्षीय मनीषा और उनके परिवार वाले काफी खुश हैं। होशियारपुर के गुगोवाल गांव की रहने वालीं मनीषा चंडीगढ़ के सेक्टर- 36 स्थित एमसीएम डीएवी कॉलेज की छात्रा हैं।
मनीषा को उसके बेहतर प्रदर्शन की बदौलत सीनियर महिला टीम में जगह मिली। वह मात्र 19 वर्ष की हैं और सीनियर महिला टीम में सबसे छोटी उम्र की खिलाड़ी हैं। वह मैदान पर फॉरवर्ड के तौर पर खेलती हैं। मनीषा ने बताया कि सीनियर महिला टीम में सभी खिलाड़ी बेहतर हैं और हर प्रदर्शन पर पीठ थपथपाती हैं। इससे उन्हें और बेहतर करने की प्रेरणा मिलती है।
13 वर्ष की उम्र में फुटबॉल खेलना शुरू किया
मनीषा ने बताया कि उन्होंने 13 वर्ष की उम्र में गांव के सरकारी स्कूल में फुटबॉल खेलना शुरू किया। इसके बाद पालदी में खालसा सीनियर सेकेंडरी स्कूल की फुटबॉल अकादमी में 10वीं कक्षा तक खेलीं। इस दौरान चंडीगढ़ में आयोजित ऊर्जा कप भी खेलने आईं। अब मनीषा ने एमसीएम डीएवी कॉलेज- 36 में बीए प्रथम वर्ष में दाखिला लिया है। उन्होंने कॉलेज की खेल विभाग की हैड अंजू मैडम का शुक्रिया भी किया। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ में फुटबॉल के लिए बेहतर मैदान हैं और यहां पढ़ाई के दौरान बेहतर फुटबॉल मैदान में अभ्यास करने का मौका भी मिलेगा।
मनीषा की बड़ी बहन मनु चलाती हैं घर का खर्चा
मनीषा के पिता नरिंदर पाल की गांव में कास्मेटिक की दुकान थी। आठ साल पहले एक हादसे में वह चोटिल हो गए थे। इसके बाद उनकी दुकान बंद पड़ी है। मां राजकुमारी गृहणी हैं। मनीषा की बड़ी बहन मनु दिल्ली में एक प्राइवेट कंपनी में काम करती हैं। वहीं सारे परिवार का खर्चा चलाती हैं।
कोट...
पहली बार अवार्ड मिलने से मैं और मेरा परिवार काफी खुश है। यह पुरस्कार मुझे अपनी टीम के लिए और अधिक मेहनत करने और अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए प्रेरित करेगा।
-मनीषा, फॉरवर्ड खिलाड़ी
उपलब्धि
2019 में स्पेन में हुए कोटिफ कप साउथ एशिया गेम्स में गोल्ड मेडल जीता।
इन प्रतियोगिताओं में लिया भाग
2019 में हांगकांग में हुए फुटबॉल टूर्नामेंट
2019 में इंडोनेशिया में हुए फुटबॉल टूर्नामेंट
2019 में हीरो गोल्ड कप
2019 में टर्की में हुए तुर्किश कप
2019 में नेपाल में हुए एसएफएफएस कप चैंपियनशिप
2019 में नेपाल में हुए साउथ एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल विजेता भारत महिला टीम की सदस्य
2018 में भूटान में हुए एसएएफएफ कप अंडर-18 वुमन चैंपियनशिप
2018 में थाईलैंड में हुए एएफसी अंडर- 19 वुमन चैंपियनशिप