लुधियाना में ब्लैक फंगस के कुल चार मामले सामने आए, जिनमें से दो लुधियाना से संबंधित हैं, जबकि दो अन्य जिलों से हैं। लुधियाना में गुरुवार तक ब्लैक फंगस के कुल 57 केस सामने आ चुके हैं, जबकि छह लोगों की मौत हो चुकी है। इसमें जिले से संबंधित 22 मामले हैं। बाकी 33 मामले अन्य जिलों के हैं।
राजिंदरा समेत निजी अस्पतालों में ब्लैक फंगस के तीन केस
पटियाला में सरकारी राजिंदरा अस्पताल समेत निजी चिकित्सा संस्थानों में गुरुवार को ब्लैक फंगस के तीन और नए केसों की पुष्टि हुई है। इनमें राजिंदरा में दो और निजी अस्पताल में एक मरीज आया। अब राजिंदरा समेत निजी अस्पतालों में दाखिल ब्लैक फंगस के मरीजों की संख्या बढ़कर 18 हो गई है।
सिविल सर्जन डॉ. सतिंदर सिंह ने बताया कि अब तक पटियाला में ब्लैक फंगस के कुल 29 केस आ चुके हैं। इनमें से छह की मौत हो गई है, जबकि चार को गंभीर हालत के चलते पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया जा चुका है। वहीं एक मरीज को डिस्चार्ज भी कर दिया गया है।
फरीदकोट में ब्लैक फंगस से एक महिला की मौत
फरीदकोट मेडिकल कॉलेज अस्पताल में ब्लैक फंगस से फरीदकोट की एक महिला की मौत हो गई। जिले में ब्लैक फंगस से मौत का यह पहला मामला है। सिविल सर्जन डॉ. संजय कपूर ने बताया कि ब्लैक फंगस से गांव पंजगराईं कलां निवासी महिला की मौत हो गई। इसके अलावा गांव पक्खी कलां के एक पुरुष व गांव काऊनी की एक महिला का अभी उपचार चल रहा है।
उन्होंने बताया कि मेडिकल अस्पताल में फरीदकोट के इन दोनों मरीजों समेत ब्लैक फंगस के कुल सात मरीज दाखिल है जबकि छह संदिग्ध मरीजों की रिपोर्ट आना बाकी है। इन मरीजों में मानसा, बठिंडा व फिरोजपुर का एक और फाजिल्का के दो मरीज शामिल है।