राजनीति की तरफ युवाओं का रुझान बढ़ रहा है। चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में 30 या उससे कम उम्र के 17 युवाओं ने नामांकन पत्र भरा है। सबसे कम उम्र की प्रत्याशी 22 वर्ष की हैं आकांक्षा हैं जो बहुजन समाज पार्टी (बसपा) से चुनाव लड़ रही हैं। उन्होंने वार्ड-16 से नामांकन पत्र भरा है।
इन 17 युवाओं में युवतियों की संख्या 9 है। युवाओं के इस उत्साह को देखते हुए अब निगम की सदन में युवा सोच के साथ शहर के विकास को भी नए पंख लगेंगे। वहीं युवाओं के राजनीति में आने से बदलाव की बयार भी बहेगी।
इस वर्ष नगर निगम में 13 गांवों के शामिल होने के बाद वार्डों की संख्या 26 से बढ़ाकर 35 हो गई है। एक ओर राजनीतिक पार्टियों ने युवाओं को टिकट देकर उन्हें आगे आने का मौका दिया है, वहीं दूसरी ओर टिकट पाने की इच्छा रखने वालों को जब मौका नहीं मिला तो उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में ताल ठोक दी। इसमें 22 साल से 30 साल तक के युवा शामिल हैं। इन युवाओं ने अपना प्रचार भी शुरू कर दिया है।
वार्ड-16 में सबसे अधिक चार युवा प्रत्याशी
वार्ड-16 में युवा प्रत्याशियों का रुझान सबसे ज्यादा है। इस वार्ड में सेक्टर-25, भास्कर कॉलोनी और सेक्टर-25 वेस्ट शामिल हैं। यह सीट भी महिला एससी के लिए आरक्षित है। यहां युवा महिलाओं ने काफी उत्साह दिखाया है। यहां से 30 वर्ष से नीचे के चार प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनमें दो निर्दलीय, एक बसपा और एक भाजपा का उम्मीदवार शामिल है।
अपने दम पर जीतने की चाह रखने वाले ज्यादा युवा
अपने दम पर जीतने की चाह रखने वाले युवा भी चुनावी मैदान में कूद पड़े हैं। छह युवाओं ने निर्दलीय नामांकनपत्र भरा है। वहीं आप की ओर से चार, बसपा और सपा की ओर से 2-2, भाजपा, कांग्रेस व अकाली की ओर से एक-एक युवा को उम्मीदवार बनाया गया है।
ये हैं चुनावी मैदान में ताल ठोकने वाले युवा प्रत्याशी
नाम पार्टी उम्र वार्ड
हरज्योत कल्याण बसपा 28 03
सुमन देवी आप 29 04
नितिका आप 27 06
हरदीप सिंह शिअद 30 08
वंदना यादव आप 30 09
सचिन गालव कांग्रेस 30 13
अखिल बंसल निर्दलीय 28 15
श्यामबाबू सैनी निर्दलीय 26 15
वर्षा निर्दलीय 25 16
आकांक्षा बसपा 22 16
ऊषा भाजपा 27 16
पूजा निर्दलीय 30 16
नेहा आप 25 19
संजू निर्दलीय 26 19
रोहित सपा 22 20
रवि निर्दलीय 26 29
जयदीप सपा 26 29