करण चौटाला भाजपा सरकार पर जमकर बरसे
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। इंडियन नेशनल लोकदल के युवा नेता करण चौटाला ने पंचकूला में पीएम नरेंद्र मोदी और भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पीएम ने हरियाणा में ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ का नारा दिया था, लेकिन हरियाणा में महिलाओं और बेटियों की क्या स्थिति है हम सब जानते हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग यह कहते हैं कि कुछ दिन में चौ. ओम प्रकाश चौटाला को भी पार्टी से निकाल देंगे शायद उन्हें पता नहीं चौ. ओम प्रकाश चौटाला पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। वह किसी को भी निकाल सकते हैं, लेकिन उन्हें निकालने की कोई सोच भी नहीं सकता। करण चौटाला मंगलवार को पंचकूला में आयोजित युवा कार्यकर्ता सम्मेलन के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यदि युवाओं को नौकरी देने के लिए उन्हें जेल भी जाना पड़े तो वह पीछे नहीं हटेंगे।
इस अवसर पर इनेलो के जिला प्रधान एवं पूर्व विधायक प्रदीप चौधरी, इनेलो व्यापार सेल के प्रदेश अध्यक्ष कुलभूषण गोयल सहित अन्य ने स्वागत किया। मौके पर प्रदेश युवा इनेलो अध्यक्ष जस्सी पेटवाड़, सिटी प्रधान एवं प्रवक्ता एसपी अरोड़ा, महिला प्रधान सीमा चौधरी, पंचकूला युवा अध्यक्ष राजू राणा मौली, देशराज पोसवाल, सोनू गोयत, अमनदीप चौधरी, गफूर मोहम्मद, आजाद मलिक, अंकुश निषाद करुण चौधरी, सुभाष निषाद, राजबाला शर्मा, सुरेश शर्मा, जसवीर सिंह, सुरेंद्र कुंडू सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।