सिपाही पर गाड़ी चढ़ाने के आरोपी दो दिन के रिमांड पर
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। पुलिसकर्मी पर गाड़ी चढ़ाकर जान से मारने की कोशिश करने वाले दोनों आरोपियों को पुलिस ने मंगलवार को कोर्ट में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है। एसआई हरेन्द्र कुमार ने बताया कि आरोपियों का नाम हैरी और सन्नी कपूर है। इन पर आरोप है कि गाड़ी चढ़ाकर एक पुलिसकर्मी को मारने की कोशिश की थी और उसके बाद फरार हो गए थे। बता दें कि एक दिसंबर को पंचकूला क्राइम ब्रांच सेक्टर-19 को गुप्त सूचना मिली थी कि एक पंचकूला नंबर की गाड़ी सेक्टर 14-15 की डिवाइडिंग से चंडीगढ़ निकलने वाली है, जिसमें भारी तादाद में असलहा पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने वहां नाका लगा दिया था। जैसे ही पंचकूला नंबर की गाड़ी नाके के पास पहुंची तो पुलिस ने गाड़ी को रोकने का इशारा किया, लेकिन आरोपियों ने गाड़ी नहीं रोकी और गाड़ी को भगाते हुए रामनिवास को टक्कर मार दी। यही नहीं आरोपियों ने गाड़ी बैक करके भी पुलिस कर्मी को हिट किया था, जिस वजह से पुलिसकर्मी के पैर में फ्रैक्चर हो गया था। वारदात के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ सेक्टर-14 थाना में धारा 307 के तहत मामला दर्ज किया था। फिलहाल दोनों आरोपी पकड़े जा चुके हैं, कोर्ट ने दोनों को दो दिन के रिमांड पर भेजा है।