25 अगस्त को दोपहर 12 से 26 अगस्त रात 12 बजे तक मिलेगी बस सुविधा
तोहफा: बसों में महिलाओं समेत 15 साल के बच्चे कर सकेंगे फ्री यात्रा
- 25 अगस्त को दोपहर 12 से 26 अगस्त रात 12 बजे तक मिलेगी सुविधा
- चंडीगढ़ से अंबाला, सहारनपुर और दिल्ली जाने वाली ट्रेनों में सबसे ज्यादा भीड़
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर हरियाणा राज्य परिवहन की बसों में महिलाएं एवं 15 साल तक के बच्चे फ्री यात्रा कर सकेंगे। इस सुविधा का लाभ केवल 25 अगस्त को दोपहर 12 बजे से लेकर 26 अगस्त मध्यरात्रि 12 बजे तक ही ले सकेंगे। ये घोषणा हरियाणा सरकार ने शुक्रवार को की है। जानकारी देते हुए प्रवक्ता ने बताया कि इस बार दिल्ली और चंडीगढ़ को भी शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार हर साल रक्षाबंधन पर महिलाओं को ये सुविधा प्रदान करती है। वहीं, इस बार कुछ प्रमुख रूट पर बसों की संख्या भी बढ़ाई गई है जिससे महिलाओं और बच्चों को भीड़ का सामना न करना पड़े।
सफर में करना पड़ेगा भीड़ का सामना
रक्षाबंधन वाले दिन वैसे भी रोडवेज और ट्रेनों में पहले की अपेक्षा यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है। वहीं, हरियाणा सरकार की इस घोषणा से हर साल की तरह इस बार भी महिलाओं को सफर के दौरान बसों में भीड़ का सामना करना पड़ सकता है। रोडवेज सूत्रों की मानें तो एक बस में 50 यात्रियों के बैठने की सुविधा होती है। जबकि 60 से 70 यात्री सफर करते हैं। रक्षाबंधन वाले दिन ये संख्या बढ़कर सौ का आंकड़ा पार कर जाती है।
निजी वाहन से निकलने की तैयारी
हरियाणा सरकार की बसों में भीड़ के मद्देनजर इस बार बड़ी संख्या में लोग निजी वाहनों से ही निकलने का प्लान तैयार कर रहे हैं। जिन लोगों के पास खुद का वाहन नहीं है वह वाहनों को एडवांस में बुक करवा रहे हैं। ट्रेवल एजेंटों का कहना है कि रक्षाबंधन के मद्देनजर बुकिंग के लिए लोग पहुंच रहे हैं।
दिल्ली-सहारनपुर रूट की ट्रेनों में मारामारी की स्थिति
ट्रेनों में पिछले तीन दिन से मारामारी की स्थिति है। कंफर्म सीट न मिलने पर अधिकांश यात्री करंट या फिर जनरल टिकट पर यात्रा करने को मजबूर हैं। शुक्रवार को भी चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर जनरल टिकट काउंटर पर यात्रियों की खासी भीड़ देखने को मिली। स्टाफ कम होने से आठ में से तीन टिकट काउंटर बंद दिखे। जिस वजह से टिकट लेने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, चंडीगढ़ से अंबाला, सहारनपुर और दिल्ली जाने वाली ट्रेनों में सबसे ज्यादा भीड़ है।