कार लूट के आरोपियों को प्रोडक्शन रिमांड पर लेकर किया पेश
- तीन दिन के रिमांड के दौरान कुछ और वारदातों का होगा खुलासा
- सेक्टर-21 में घग्गर पुल के नजदीक बलटाना निवासी व्यक्ति से लूट ली थी कार
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। सेक्टर-21 में 10 दिन पहले हुई वरना कार की लूट के मामले में गिरफ्तार दो आरोपियों को क्राइम ब्रांच सेक्टर-26 ने मंगलवार को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर अदालत में पेश किया गया। अदालत ने दोनों आरोपियों को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। इस दौरान पुलिस संपत नेहरा गिरोह से जुड़े अपराधियों से घटना के सभी पहलुओं का खुलासा करेगी। पटियाला जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाए गए जसप्रीत उर्फ जस्सू के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज है जबकि दूसरे आरोपी के गुरविंदर उर्फ बिन्द्री के खिलाफ भी आपराधिक मामला दर्ज है।
नौ जून को गन प्वाइंट पर आरोपियों ने सेक्टर-21 से सैनी विहार, बल्टाना निवासी एक व्यक्ति से उस वक्त कार लूट ली थी, जब वह देर रात अपनी वरना में लौट रहे थे। यह घटना उस वक्त हुई जब रविन्द्र सेक्टर-25 की मार्केट से सेक्टर-21 लौटते हुए घग्गर पुल के पास उतरे। इसी बीच अचानक वहां एक कार रुकी, जिसमें तीन युवक उतरे और रविन्द्र से गन प्वाइंट पर कार लूट ली। इस मामले में मोहाली पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जिन्हें पटियाला जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाया गया। पूछताछ में आरोपियों से इस वारदात को सुलझाने सहित अन्य वारदातों में भी इस गैंग का हाथ है या नहीं, इसका भी खुलासा करेगी। पिछले सप्ताह सेक्टर-26/27 की सड़क पर भी ठीक इसी तरह कार लूट की वारदात को अपराधियों ने अंजाम दिया। दोनों अपराध का तरीका एक होने की वजह से इस लूट के पीछे भी उसी गैंग का हाथ होने की आशंका जताई जा रही थी।