अब सेक्टर-15 मार्केट में सफाई कर्मियों के लिए बना चेंजिंग रूम
- ट्राईसिटी में सबसे पहले पंचकूला सेक्टर-15 की मार्केट हुई वाई-फाई
- सफाई कर्मचारियों की सुविधा के लिए लॉकर का भी प्रावधान किया गया
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। प्रदेश में और ट्राइसिटी में पंचकूला ऐसा पहला जिला बन गया है, जहां सफाई कर्मचारियों के लिए चेंजिंग रूम की सुविधा मुहैया करवाई गई है। अपने काम पर पहुंचने से पहले सफाई कर्मचारी यहां यूनिफॉर्म पहनकर ड्यूटी पर होंगे। कर्मियों की सुविधा के लिए लॉकर का भी प्रावधान किया गया है। पंचकूला विधायक एवं मुख्य सचेतक ज्ञानचंद गुप्ता ने सेक्टर-15 स्थित मार्केट में नगर निगम की ओर से चेंजिंग रूम का उद्घाटन किया। एस्टो इंटरनेट कंपनी के सहयोग से निशुल्क वाई-फाई सेवा की सेक्टर-15 मार्केट में शुरुआत के साथ-साथ डायरेक्टरी का भी विमोचन किया गया।
विधायक ने निगम आयुक्त राजेश जोगपाल को बधाई देते हुए कहा कि उनके प्रयासों से ही यह सब संभव हो पाया है। हाल में ही सड़क पर पेड़ों की टहनियां काटने वाली मशीन को शहर में लाया गया है जबकि पंचकूला को ओडीएफ बनाने में भी उन्होंने अहम भूमिका निभाई। पंचकूला कई मायनों में हरियाणा में अन्य जिलों से आगे है। वाई-फाई सुविधा का जिक्र करते हुए विधायक ने कहा कि इस सेवा की शुरुआत में पंचकूला, सिटी ब्यूटीफुल से भी आगे निकल गया, क्योंकि चंडीगढ़ में अभी इस बारे में विचार किया जा रहा है। सफाई कर्मचारियों के लिए निगम की ओर से बनाया गया चेंजिंग रूम निगम आयुक्त राजेश जोगपाल का अति प्रशंसनीय कार्य है। इस मौके पर भाजपा के जिलाध्यक्ष दीपक शर्मा, डिप्टी मेयर सुनील तलवार, कमिश्नर राजेश जोगपाल, ईओ जरनैल सिंह, पार्षद सीबी गोयल और भाजपा जिला महामंत्री हरेंद्र मलिक सहित अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।