पीएनबी पर निर्भर है 400 गांव और बैंक में ही नहीं ब्रांच मैनेजर
- ब्रांच मैनेजर न होने से किसानों के नहीं बन रहे हैं किसान क्रेडिट कार्ड
- बिजाई के सीजन में किसानों को सबसे अधिक जरूरत होती है कार्ड से मिलने वाली इस सहायता राशि की
अमर उजाला ब्यूरो
मोरनी। पहाड़ी क्षेत्र के एकमात्र बैंक (पीएनबी) में पिछले डेढ़ माह से मैनेजर की कुर्सी खाली पड़ी है जिस वजह से रोजाना उपभोक्ताओं को असुविधा का सामना करना पड़ता है। ब्रांच मैनेजर की कुर्सी खाली होने से सबसे ज्यादा दिक्कत किसानों को उठानी पड़ रही है जो कि भारत सरकार की योजनाओं का लाभ नहीं उठा पा रहे हैं। वहीं, अन्य कामों के लिए शाखा में आने वाले उपभोक्ताओं को अन्य कामों के लिए कई - कई बार शाखा के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। वहीं, मोरनी की भौगोलिक स्थिति से अच्छे से वाकिफ होने के बावजूद पंजाब नैशनल बैंक के उच्चाधिकारी अनदेखी कर रहे हैं।
गौरतलब है कि पिछले दिनों तहसील कार्यालयों में कंप्यूटर ऑपरेटरों की स्ट्राइक के कारण काफी किसानों के केसीसी (किसान क्रेडिट कार्ड) बनने से रह गए थे, जो कि आज तक शाखा में मैनेजर की पोस्ट खाली होने के कारण अटके पडे़ हैं। जबकि इस कार्ड से मिलने वाली सहायता राशि की इस बिजाई के सीजन में किसानों को सबसे अधिक जरूरत होती है। इलाके के किसानों ने बैंक प्रबंधन के उच्चाधिकारियों से यहां पर एक-दो दिन में ही उनकी समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।