सेक्टर-17 की दो क्लीनिकल साइट्स की नीलामी रोकने की हाईकोर्ट से गुहार
हूडा के खिलाफ हाउस ओनर वेलफेयर एसोसिएशन ने दाखिल की है याचिका
कहा, नीलामी के लिए राज्य सरकार से नहीं मिली मंजूरी
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला।
हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की ओर से वीरवार को सेक्टर-17 की दो क्लीनिकल साइट्स की होने वाली नीलामी के खिलाफ हाउस ओनर वेलफेयर एसोसिएशन ने पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। दायर याचिका में एसोसिएशन की ओर से कहा गया है कि क्लीनिकल साइट्स की नीलामी के लिए राज्य सरकार से मंजूरी नहीं मिली है। हाईकोर्ट ने इस मामले में प्रदेश सरकार और प्राधिकरण को आठ अगस्त के लिए नोटिस जारी करते हुए दोनों साइट की नीलामी के आधार को स्पष्ट करने को कहा है। वीरवार को छह रेजिडेंशियल और 20 इंस्टीट्यूशनल साइट्स के लिए ई-टेंडर होगा। इसमें सेक्टर-17 के दो क्लीनिकल साइट्स भी शामिल हैं। हूडा की ओर से यह ऑक्शन 27 जुलाई को सुबह नौ से दो बजे तक होगी।
सेक्टर-17 हाउस ओनर वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान वीके कपूर की तरफ से दायर याचिका में कहा गया है कि दोनों साइट्स रिहायशी क्षेत्र में सी रोड पर हैं। इन साइट्स के आसपास पार्किंग का प्रावधान नहीं है, जबकि आगे यह सड़क भी बंद हो जाती है। अगर, दोनों साइट्स क्लीनिक को दे दी जाती हैं तो पार्किंग से आसपास रहने वाले लोगों को गंभीर समस्या हो सकती है।
26 साइट्स की नीलामी आज
प्राधिकरण की ओर से होने वाली नीलामी में एमडीसी सेक्टर-4 में एक नर्सरी स्कूल, क्रेच, सेक्टर-4 में एक नर्सरी स्कूल व क्लीनिकल साइट, सेक्टर-17 में दो क्लीनिक साइट, एक स्कूल की ई-नीलामी की जानी है। इसके अलावा सेक्टर-21 में 10, 6 मरले के दो, सेक्टर-25 में 10, 14 व छह मरले के 3-3 साइट्स के अलावा सेक्टर-26 में 10 मरले के तीन, छह और आठ मरले के दो दो प्लॉट भी शामिल हैं।