फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पंजाब में बाढ़: 15 गांवों का सड़क संपर्क टूटा, पाक सीमा के करीब 15 हजार लोग फंसे, अभी नहीं टला खतरा

Thu, 13 Jul 2023 10:31 PM IST
ajay kumar अमर उजाला/संवाद न्यूज एजेंसी, चंडीगढ़/फिरोजपुर/अमृतसर

सार

पाकिस्तान ने सुलेमान हेड वर्क्स से 10 फ्लड गेट खोल दिए हैं। इससे फिरोजपुर और फाजिल्का जिलों को कुछ राहत जरूर मिली है, लेकिन हालत चिंताजनक बनी हुई है। नहरी विभाग के मुख्य इंजीनियर एचएस मेहंदीरत्ता ने बताया कि सुलेमान हेड के फ्लड गेट खोलने से पंजाब का दक्षिण मालवा पानी के प्रकोप से बच गया है।
विज्ञापन
पंजाब में बाढ़। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के कारण पंजाब की तीन प्रमुख नदियों ब्यास, रावी और सतलुज में बांधों से लगातार पानी छोड़ा जा रहा है। सतलुज नदी में हरिके हेड से पानी छोड़ जाने के बाद आई बाढ़ के कारण हुसैनीवाला-गट्टी राजोके मार्ग पर बने एकमात्र पुल के सामने 25 फुट तक सड़क धंसने के बाद पाकिस्तान की सीमा से सटे 15 गांवों का संपर्क पंजाब से कट गया है। करीब 15 हजार लोग वहां फंस गए हैं। ये सड़क सरहदी गांवों की लाइफ लाइन है। ये सभी गांव एक ओर पाकिस्तान और दो तरफ सतलुज से घिरे हैं। सतलुज के उफान पर होने के कारण अब नाव लेकर चलना भी खतरे से खाली नहीं है।

विज्ञापन




दूसरी ओर, पाकिस्तान ने सुलेमान हेड वर्क्स से 10 फ्लड गेट खोल दिए हैं। इससे फिरोजपुर और फाजिल्का जिलों को कुछ राहत जरूर मिली है, लेकिन हालत चिंताजनक बनी हुई है। नहरी विभाग के मुख्य इंजीनियर एचएस मेहंदीरत्ता ने बताया कि सुलेमान हेड के फ्लड गेट खोलने से पंजाब का दक्षिण मालवा पानी के प्रकोप से बच गया है। जल संसाधन विभाग ने 10 जुलाई को केंद्रीय जल संसाधन मंत्रालय को सूचना भेजी थी कि सतलुज का करीब दो लाख क्यूसेक पानी पाकिस्तान की तरफ छोड़ा जाएगा। 
विज्ञापन




नियमों के मुताबिक, अगर पाकिस्तान को 50 हजार क्यूसेक से ज्यादा पानी छोड़ना है तो इसकी पहले से जानकारी देना जरूरी होती है। हरिके हेड वर्क्स से दो लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया है, जो आगे चलकर पाकिस्तान के कसूर और फिर हुसैनीवाला के पास से पाकिस्तान में चला जाता है। गुरुवार सुबह हरिके हेड से 90390 क्यूसिक पानी सतलुज में छोड़ा गया। हालांकि सुलेमान हेड के फ्लड गेट खुलने से कुछ इलाकों में बाढ़ का स्तर कम हुआ है।

विज्ञापन

इस बीच पंजाब सरकार ने सभी सरकारी, प्राइवेट, एडेड और मान्यता प्राप्त स्कूलों के साथ आंगनबाड़ी केंद्रों की छुट्टियां 16 जुलाई तक बढ़ा दी हैं। शिक्षामंत्री हरजोत सिंह बैंस और सामाजिक सुरक्षा महिला एवं विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि पहले छुट्टियां 13 जुलाई तक थीं। पंजाब के स्कूलों में 40 लाख विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। इनमें से 30 लाख विद्यार्थी सरकारी स्कूलों के हैं।

तीर्थ चौकी में फंसे कंपनी कमांडर समेत बीएसएफ के 50 जवान

सतलुज में बाढ़ से फिरोजपुर के ममदोट से सटे सरहदी गांवों में पानी भर गया है। फेंसिंग के गेट नंबर-195 के पास से किसानों की आठ लाख की बड़ी नाव पाकिस्तान की तरफ बह गई है। तीर्थ चौकी में बीएसएफ के कंपनी कमांडर समेत 50 जवान फंसे हैं। यहां बिजली की सप्लाई भी ठप है। किसानों के 40 ट्रैक्टर-ट्राली, एक जेसीबी व एक कंबाइन भी पानी में डूब गई है। 

केंद्र पंजाब के लिए जारी किए 218.40 करोड़

केंद्र सरकार ने पंजाब समेत कई राज्यों को बाढ़ से निपटने के लिए राशि जारी की है। पंजाब के लिए 218.40 करोड़ रुपये जारी हुए हैं। इस पैसे के आने से पंजाब में बाढ़ से निपटने के काम में तेजी आएगी। वहीं, पंजाब के मुख्य सचिव ने प्रभावित जिलों के डीसी को फसलों के नुकसान रिपोर्ट जारी करने का निर्देश दिया है। वहीं, मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी गुरुवार को संगरूर में बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा लिया।

आज कुछ स्थानों पर हो सकती है हल्की बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, बठिंडा और मोगा में इक्का-दुक्का स्थानों पर बारिश हो सकती है। गुरुवार को पंजाब के बारिश थमी रही। आने वाले दिनों के लिए फिलहाल बारिश का कोई अलर्ट नहीं है। गुरुवार को धूप खिलने से उमस का असर बढ़ गया। सबसे अधिक तापमान फिरोजपुर में 37.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं, सबसे कम तापमान आदमपुर में 24.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें