अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर महिलाओं के अलावा बुजुर्गों और दिव्यांगों को बड़ा तोहफा देते हुए पंजाब की परिवहन मंत्री अरुणा चौधरी ने राज्य में सभी सरकारी और प्राइवेट बसों में 15 सीटें आरक्षित रखने का फैसला किया है। शुक्रवार को जारी प्रेस बयान में चौधरी ने कहा कि सीटें आरक्षित रखने के फैसले को सख्ती से लागू करने के लिए प्रमुख सचिव ट्रांसपोर्ट एंड स्टेट ट्रांसपोर्ट कमिश्नर को निर्देश भी जारी कर दी गई हैं।
उन्होंने कहा कि बसों में महिलाओं, दिव्यांगों और बुजुर्गों के कल्याण और उनकी सुरक्षित व आरामदायक यात्रा को यकीनी बनाना राज्य सरकार का मुख्य मकसद है। ट्रांसपोर्ट मंत्री ने कहा कि 4 से 6 सीटें बुजुर्गों और 7 से 18 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित रखी गई हैं। दिव्यांगों के लिए इन्हीं सीटों के बीच प्रबंध करने के निर्देश दिए गए हैं। उल्लेखनीय है कि पहली बार प्राइवेट बसों में भी ऐसे आदेश लागू किए जाएंगे।