टेंपो पलटने से 15 प्रवासी मजदूर घायल।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
कोरोना महामारी के चलते पंजाब में फंसे 15 प्रवासी बिहार पैदल ही लौट रहे थे। रास्ते में उन्होंने अंबाला-चंडीगढ़ राजमार्ग पर एक टेंपो (छोटा हाथी) में आगे जाने के लिए लिफ्ट ली। लालड़ू के नजदीक हाईवे किनारे खड़े एक ट्रक से टेंपो टकराने के बाद पलट गया। हादसे में सभी 15 प्रवासी जख्मी हो गए। गनीमत रही कि किसी की जान नहीं गई।
सभी घायल प्रवासियों को डेराबस्सी के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। उपचार के बाद 13 प्रवासी अपने अस्थायी निवास लौट आए। इनमें से एक जख्मी प्रवासी ने बताया कि वे बिहार के रहने वाले हैं और सोमवार देर शाम को पैदल ही अपनी घर की ओर निकल पड़े। हाईवे किनारे पैदल जाते समय उन्हें एक टेंपो चालक ने लिफ्ट देकर बैठा लिया।
प्रवासी ने बताया कि शायद टेंपो चालक नशे में था और जैसे वह लालड़ू के निकट पहुंचा तो अचानक संतुलन बिगड़ गया और हाईवे किनारे स्टेशनरी से भरे खड़े एक ट्रक से टकराकर पलट गया। इस हादसे में सभी जख्मी हो गए थे। दो की गंभीर हालत देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें चंडीगढ़ के जीएमसीएच सेक्टर-32 रेफर कर दिया है। बाकी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद वापस अस्थायी निवास भेज दिया गया।
एएसआई कुलदीप सिंह ने बताया की सूचना पर जब वे डेराबस्सी सिविल अस्पताल पहुंचे तो सभी जख्मी प्रवासी वहां से जा चुके थे। टेंपो चालक को भी उसके घर भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।