पिंजौर में हलका कालका कार्यकर्ता सम्मेलन संपन्न
अमर उजाला ब्यूरो
पिंजौर।
यहां के सीताराम मंदिर धर्मशाला में पूर्व मार्केट कमेटी चेयरमैन विजय बंसल की अध्यक्षता में हलका कालका के कांग्रेसी कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। रविवार को आयोजित सम्मेलन में कांग्रेसी नेताओं ने भाजपा सरकार को आम जनमानस की सभी मूलभूत सुविधाओं को पूरा करने में पूर्ण रूप से विफल करार दिया। कांग्रेस के नेताओं ने कहा कि जो बड़े-बड़े व जूठे वादे कर भाजपा सरकार ने सत्ता हासिल की है, उनको और लोगों की मूलभूत जरूरतों को पूरा करने में कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। आज प्रदेश के लोग खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं।
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस पूर्व अध्यक्ष नरेश मान, पूर्व जिला परिषद चेयरमैन राजेश कौना, सीनियर डिप्टी मेयर एसएस नंदा, संतोष शर्मा, अजय सिंगला, जिला परिषद सदस्य फोमलाल, मुकेश सोढी, बालक राम मुसाफिर, सत्यनारायण, पूर्व पार्षद हरभजन, संत कुमार, सतीश भट्ट, रमेश भट्टी, जगमोहन धीमान, धर्मपाल सिंगला सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे। कांग्रेसियों ने केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
विजय बंसल ने कहा कि भाजपा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल को सरकार चलाने का अनुभव नहीं है इसलिए पूरे प्रदेश सहित हलका कालका में विकास कार्य ठप पड़े हैं। एचएमटी फैक्टरी को बंद कर बेचने की मंशा है। सम्मेलन में कांग्रेसियों ने हलका कालका में जाकर भाजपा की पोल खोल अभियान चलाने का भी फैसला लिया।