हरियाणा में ब्लैक फंगस के कुल मामलों की संख्या 623 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के गुरुवार को जारी बुलेटिन के अनुसार, एक दिन में 138 नए केस आए हैं। हालांकि, स्वास्थ्य अधिकारी इसके लिए सफाई दे रहे हैं कि आंकड़े अपडेट नहीं होने के कारण ऐसा हुआ है। इनमें से कुछ केस ऐसे हैं, जो पहले के हैं पर अपडेट आज किए गए हैं। इसलिए गुरुवार की नए मरीजों की संख्या अधिक है। लेकिन ये कन्फर्म है कि प्रदेश में कुल संख्या 623 है।
बता दें कि मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग के बुलेटिन में ब्लैक फंगस के कुल मरीजों की संख्या 507 दर्ज थी। बुधवार को जारी बुलेटिन में यह संख्या 485 बताई गई। गुरुवार को जारी बुलेटिन के अनुसार, हरियाणा में कुल मरीजों की संख्या 623 है, इनमें से 564 मरीज अलग-अलग मेडिकल कॉलेजों में उपचाराधीन हैं। अब तक राज्य में ब्लैक फंगस से 32 लोगों की मौत हो चुकी है। 27 मरीज ठीक हो चुके हैं। गुरुवार को पांच मरीज ठीक हुए।
अब तक के आंकड़ों पर नजर
अंबाला में 7, भिवानी 11, फरीदाबाद 56, फतेहाबाद 13, गुरुग्राम 239, हिसार 163, झज्जर 11, कैथल 2, करनाल 21, यमुनानगर-कुरुक्षेत्र 1-1, नूंह 9, पंचकूला 6, पानीपत 29, रेवाड़ी 10, रोहतक 3, सिरसा में 41 केस आ चुके हैं। वहीं, ठीक होने वालों की बात करें तो फरीदाबाद 1, फतेहाबाद 4, गुरुग्राम 11, हिसार 9, करनाल व सिरसा में 1-1 मरीज ठीक हुआ है। भिवानी में 1, गुरुग्राम 3, हिसार 14, झज्जर 4, करनाल-नूंह1-1, पानीपत 2 व सिरसा में 5 मरीजों की मौत हो चुकी है।