पंजाब में कोरोना संक्रमण अब बेकाबू हो गया है। पिछले 48 घंटों में 124 संक्रमितों की मौत हो गई। रिकॉर्ड मौतों के साथ ही दो दिनों में 5124 संक्रमण के नए मामले सामने आए हैं। पटियाला की न्यू नाभा जेल में बंद 46 महिला और 34 पुरुष कैदियों की रिपोर्ट पॉजिटिव मिलने से जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
पंजाब में अब तक 5894441 लोगों के नमूने लिए जा चुके हैं। सभी 22 जिलों में 236790 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। 206246 लोग अब तक ठीक होकर घर जा चुके हैं। पंजाब में 23731 सक्रिय मामले हैं। पिछले 48 घंटों में 124 संक्रमितों की मौत हो गई और 5124 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। 39 लोगों की हालत गंभीर होने पर राज्य के विभिन्न अस्पतालों में वेंटिलेटर पर रखा गया है। 315 लोगों को सांस लेने में परेशानी होने पर ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है।
सोमवार को होली के दिन संक्रमण से 59 लोगों ने दम तोड़ दिया। जिनमें अमृतसर में 7, बठिंडा में 2, होशियारपुर में 10, कपूरथला में 4, बरनाला में 1, गुरदासपुर में 3, जालंधर में 13, लुधियाना में 17, मोहाली में 4, पटियाला में 3, रोपड़ का एक व्यक्ति शामिल है। वहीं मंगलवार को संक्रमण से हुई 65 मौतों में अमृतसर में 4, बरनाला में 1, बठिंडा में 3, फतेहगढ़ साहिब में 2, गुरदासपुर में 3, होशियारपुर में 10,जालंधर में 7, कपूरथला में 4, लुधियाना में 7, मोहली में 1, पठानकोट में 1, पटियाला में 4, रोपड़ में 5, संगरूर में 6, एसबीएस नगर के सात मरीज शामिल है।
संक्रमितों की जानकारी विभाग से करें साझा : सिद्धू
पंजाब में सभी लैब और अस्पताल कोरोना संक्रमितों की जानकारी सिविल सर्जन कार्यालय से साझा करेंगे। पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने इसे अनिवार्य कर दिया है। सिद्धू ने कहा कि यह बहुत महत्वपूर्ण है कि कोविड-19 के प्रत्येक मामले को एकांतवास कर उपयुक्त इलाज दिया जाए और लोगों के हित में वायरस के फैलाव की कड़ी को तोड़ा जाए और संपर्क में आने वाले लोगों का पता लगाया जाए।