रविवार हरियाणा में हादसों का कोहराम लेकर आया। तीन जिलों में हुए अलग-अलग सड़क हादसों में 12 लोगों की जान चली गई। चारों तरफ चीख पुकार और कोहराम मचा हुआ। भिवानी से लेकर सिरसा और कैथल तक माहौल गमगीन है। शनिवार-रविवार की रात कैथल में स्कॉर्पियों पुल से नीचे गिर गई। इस हादसे में छह दोस्तों की मौत हो गई। भिवानी में भी चार दोस्तों की सड़क हादसे में जान चली गई। वहीं सिरसा में दो जिंदगियां खत्म हो गईं और चार घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
कैथल में छह दोस्तों की मौत
शनिवार देर रात्रि पूंडरी-ढांड रोड पर ड्रेन पुलिस के ऊपर हुए वीभत्स सड़क हादसे में छह युवकों की मौत हो गई। हादसे में मारे गए छह युवक बीस से 30 साल की उम्र के हैं जिनमें से एक युवक की महज तीन माह पहले ही शादी हुई थी। हादसे से परिजनों में कोहराम मच गया है। वहीं एक-एक करके जिला अस्पताल में पहुंच रहे परिजनों की हादसे की जानकारी मिलते ही पैरों तले जमीन खिसक गई और परिजन शोक में डूब गए।
मिली जानकारी के अनुसार शनिवार देर रात्रि पूंडरी-फरल मार्ग पर ड्रेन पुल के नजदीक एक स्कॉर्पियो में सवार छह युवक हादसाग्रस्त हो गए। गाड़ी हादसे के बाद ड्रेन पुल के निकट गहरी खाई में जा गिरी। जिसमें सवार छह युवकों की मौके ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पूंडरी पुलिस मौके पर पहुंची।
भिवानी में चार दोस्तों की गई जान
भिवानी के गांव सिंघानी और ढिगावा के बीच दो कारों की आमने-सामने की भीषण टक्कर में चार दोस्तों की मौत हो गई। दो की मौके पर ही मौत हुई तो दो ने भिवानी सामान्य अस्पताल ले लाते समय रास्ते में दम तोड़ा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हादसा दोपहर बाद करीब तीन बजे हुआ। चार दोस्त सिंघानी निवासी मनोज, डिग्गल निवासी मनोज, राजस्थान के काजलावास निवासी विकास व नीरज स्वीफ्ट कार में सवार होकर सिंघानी गांव जा रहे थे। विकास के साला जो कि सिंघानी में रहता है, उसे लड़का हुआ है और लड़के के जन्म पर रविवार को कुआं पूजन कार्यक्रम और पार्टी थी। इसी में शामिल होने चारों दोस्त जा रहे थे।
सिरसा में दो लोगों ने गंवाई जिंदगी
हरियाणा के सिरसा जिले में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर टोल प्लाजा के नजदीक एक ऑल्टो और एक्सयूवी में जोरदार टक्कर हो गई। हादसे का पता लगते ही आसपास लोग घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को सरकारी अस्पताल सिरसा पहुंचाया। जहां पर दो लोगों की मौत हो गई और चार लोगों के घायल होने की खबर है। मृतकों की पहचान महेंद्र (50) पुत्र कश्मीर और नेकचंद (49 ) पुत्र रामचंद के रूप में बताई जा रही है। वहीं घायल गोपीराम, दीपक, मोहित और सिमरन का इलाज सिरसा के सरकारी अस्पताल में चल रहा है।