फगवाड़ा-होशियारपुर रोड पर जीएनए फैक्टरी के समीप पीआरटीसी की बस और कैंटर में आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में बस व कैंटर के ड्राइवर के अलावा सवारियों समेत 12 लोग जख्मी हो गए। इन्हें तुरंत सिविल अस्पताल फगवाड़ा में भर्ती करवाया गया। हादसे में मामूली जख्मी 10 सवारियों को उपचार के बाद घर भेज दिया गया है।
दोनों ड्राइवर सिविल अस्पताल में उपचाराधीन हैं। थाना रावलपिंडी में पीआरटीसी के बस ड्राइवर के खिलाफ लापरवाही से बस चलाने के आरोप समेत विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज करके दोनों वाहन कब्जे में ले लिए गए हैं। टक्कर इतनी तेज थी कि कैंटर के परखच्चे उड़ गए। थाना रावलपिंडी के एसएचओ हरदेवप्रीत सिंह ने बताया कि शुक्रवार की दोपहर लुधियाना से होशियारपुर आ रही पीआरटीसी की बस का रिहाना जट्टा की तरफ से आ रहे खाली कैंटर से टक्कर हो गई।
सूचना मिलते ही वह तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। उन्होंने बताया कि इस हादसे में जानी नुकसान से बचाव हो गया है। बस में सवार 10 के करीब सवारियों को मामूली चोट आई है। इनमें एक 12 वर्षीय बच्ची हरमीता के होंठ पर थोड़ी ज्यादा चोट लगी है। उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया।
बस चालक गुरजीत सिंह निवासी पटियाला और कैंटर चालक जगतार सिंह गंभीर जख्मी हैं। एसएचओ के अनुसार बस चालक के ओवरटेक करने के चक्कर में हादसा हुआ है। बस में सवार यात्रियों ने कहा कि बस ड्राइवर की गलती से यह हादसा हुआ है। थाना रावलपिंडी प्रभारी ने बताया कि पीआरटीसी के बस ड्राइवर के खिलाफ लापरवाही से बस चलाने की धारा समेत अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है।