हरियाणा के जींद जिले में एक दर्दनाक हादसे में 11 माह की बच्ची की जान चली गई। हादसा उस समय हुआ जब बच्ची को टब में बैठकार पिता मोबाइल पर बात करते हुए थोड़ा दूर चला गया। इसी दौरान चार साल के भाई ने वहां आकर टोटी खोल दी। जिससे टब पानी से भर गया और बच्ची डूब गई।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। घटना रविवार को शहर की इंप्लाइज कालोनी की है। मृतक बच्ची का नाम अर्चना है।
जानकारी अनुसार इंप्लाइज कालोनी निवासी विक्रम अपनी 11 माह की बेटी अर्चना को नहलाने की तैयारी कर रहा था और उसे टब में बैठाया था। उसी दौरान विक्रम के मोबाइल पर कॉल आ गई। वह बच्ची को टब में छोड़कर फोन पर बात करते दूर चला गया। तभी चार वर्षीय भाई चिराग भी वहां पर पहुंच गया। उसने पानी की टोटी चालू कर दी।
टब में पानी भरने से अर्चना डूब गई। 15 से 20 मिनट के बाद अर्चना की मां रेखा का ध्यान टब की तरफ गया तो उसने बच्ची को तुरंत बाहर निकाला और सामान्य अस्पताल लेकर गई। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शहर थाना के जांच अधिकारी कमल ने बताया कि बच्ची को नहलाने के उद्देश्य से टब में बैठाया था। इसके चलते उसकी डूबने से मौत हो गई।