सेक्टर-49ए निवासी शिकायतकर्ता विनोद हांडा ने शिकायत में बताया कि फेसबुक पर उनकी नजर जेरोधा ट्रेडिंग ग्रुप के एक विज्ञापन पर पड़ी। उसमें दावा किया गया था कि शेयर बाजार में निवेश करके अच्छा मुनाफा कमाया जा सकता है। विज्ञापन पर क्लिक कर वह सीधे एक व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ गया, जिसमें देखा कि कई लोग शेयर बाजार में निवेश से अच्छा खासा मुनाफा कमा रहे थे।
इसके बाद गीतिका आनंद नाम की एक महिला ने व्हाट्सएप पर कॉल की। उसे अधिकारी से बात कर खाता खोलने के लिए कहा। 25 सितंबर 2024 को उनके नाम पर एक खाता बनाया गया। शुरुआत में 50 हजार रुपये जमा किए। अगले दिन उनके खाते में लाभ दिखा। इसके बाद उन्होंने तीन बार और पैसा निवेश किया। वापस खाते में पैसे भी आए। इसके बाद महिला ने उससे और पैसे निवेश करने के लिए कहा लेकिन जब विनोद हांडा ने उसे बताया कि उसके पास पैसे नहीं हैं, तो उसने धमकी दी कि अगर पैसे जमा नहीं किए तो उसका पूरा निवेश डूब जाएगा। उन्होंने कुल 10 लाख 50 हजार रुपये का निवेश किया था। जब उन्होंने निकालने की कोशिश की तो उन्हें फंड तक पहुंचने के लिए 20 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क देने के लिए कहा गया। जब विनोद हांडा ने गीतिका से अपने पैसे वापस मांगे तो उसने कोई जवाब नहीं दिया। इसके बाद उन्होंने साइबर क्राइम सेल में शिकायत दर्ज कराई।