हरियाणा की महिला एवं बाल विकास मंत्री कविता जैन ने तेज गर्मी के चलते आंगनबाड़ी केंद्रों में दस दिन की छुट्टी का निर्देश जारी किया है। हालांकि इन छुट्टियों के दौरान नौनिहालों और महिलाओं को कच्चा राशन भी जारी करने के आदेश दिए गए हैं।
रविवार को जारी बयान में कविता जैन ने बताया कि लगातार बढ़ रही गर्मी को देखते हुए प्रदेश सरकार स्कूलों में अवकाश का निर्णय ले चुकी है। ऐसे में आंगनबाड़ी केंद्रों में आने वाले 0-6 आयु वर्ग के नौनिहालों के लिए तेज गर्मी खतरनाक हो सकती है।
इसे देखते हुए उन्होंने प्रदेश भर के आंगनबाड़ी केंद्रों में 10 जून से 20 जून तक नौनिहालों का अवकाश रखने के निर्देश जारी किए हैं। इन छुट्टियों के दौरान लाभपात्र नौनिहालों और महिलाओं को मिलने वाला राशन उन्हें कच्चे राशन के तौर पर एकमुश्त उपलब्ध करवा दिया जाएगा। आंगनबाड़ी केंद्रों में इस अवकाश अवधि के दौरान आंगनबाड़ी कर्मचारी, सुपरवाइजर समय का सदुपयोग करते हुए अपने रजिस्टरों को पूरा करेंगी और नौनिहालों के लिए भविष्य की तैयारियों का खाका तैयार करेंगी।