स्वामी श्रद्धानंद कॉलेज में कोटे के शिक्षकों की ट्रेनिंग कराने के कथित प्रस्ताव के चलते कॉलेज का माहौल गर्मा गया है। कई शिक्षक इसके विरोध में उतर आए हैं। अभी इस तरह की कोई बात सामने नहीं आई है मगर कहा जा रहा है कि 27 अप्रैल को होने वाली कॉलेज प्रबंध समिति की बैठक में ऐसा प्रस्ताव लाया जा रहा है।
श्रद्धानंद कॉलेज में एससी - एसटी - ओबीसी फोरम फॉर टीचिंग एंड नॉन टीचिंग स्टाफ ने बैठक के एजेंडे की जो प्रति मुहैया कराई है उसमें ट्रेनिंग की बात भी है, जिसपर फोरम ने कड़ी आपत्ति जताई है।
शिक्षकों का कहना है कि इस तरह से कोटे के शिक्षकों की शैक्षणिक योग्यता पर प्रश्न चिन्ह लगाया जा रहा है। कॉलेज के प्रिंसिपल पंकज भान ने स्वीकार किया कि एजेंडे में कोटे के शिक्षकों को एजूकेशन देने की बात शामिल है।
कॉलेज के एसोसिएट प्रोफेसर सूरज यादव का कहना है कि समिति कोषाध्यक्ष की ओर से लाया जा रहा है यह प्रस्ताव काफी हैरान करने वाला है। उन्होंने कहा कि सभी शिक्षक नेट पास व पीएचडी होते हैं। उनकी नियुक्ति में सभी प्रक्रियाओं का पालन किया जाता है। उनकी ट्रेनिंग कराने की बात कहना बड़ा ही अजीब है।