परीक्षा को एक माह बीत जाने के बाद भी अभी परिणाम आने की कोई संभावना नहीं दिख रही।
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के माध्यम से संचालित की गई टेट (अध्यापक पात्रता परीक्षा) परीक्षा के परिणाम को प्रदेश के 74 हजार से अधिक परीक्षार्थियों को अभी लंबा इंतजार करना पड़ेगा। परीक्षा को एक माह बीत जाने के बाद भी अभी परिणाम आने की कोई संभावना नहीं दिख रही। वहीं अभी तक बोर्ड ने आंसर-की भी वेबसाइट पर नहीं डाली है।
सूत्रों की मानें तो परीक्षार्थियों का यह इंतजार अभी लंबा चलेगा। क्योंकि बोर्ड स्कूलों की वार्षिक परीक्षाएं संचालित कर रहा है और इन परीक्षाओं में पूरा स्टाफ लगा हुआ है। इतना ही नहीं सब्जेक्ट स्पेशलिस्ट भी एग्जाम ड्यूटी में लगे हैं। ऐसे में टेट परीक्षा का परिणाम तैयार हो पाना मुश्किल है। इससे पहले भी अभ्यर्थियों को आवेदन करने के बाद करीब पांच माह तक बोर्ड ने परीक्षा का संचालन नहीं किया था।
टेट के लिए 24 सितंबर से 13 अक्तूबर तक ऑनलाइन आवेदन लिए गए थे। इसमें 84 हजार के करीब परीक्षार्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किया था। इसमें साढ़े नौ हजार के करीब आवेदन आधे-अधूरे पाए गए थे, जबकि 74 हजार के करीब आवेदन ही बोर्ड को पूरे भरे मिले थे।
13, 14 और 28 को थी परीक्षा
जेबीटी टेट और शास्त्री की परीक्षा 13 फरवरी को ली, जबकि 14 फरवरी को टीजीटी टेट और भाषा अध्यापक पात्रता परीक्षा हुई। इसके अलावा 28 फरवरी को टीजीटी आर्ट्स और टीजीटी मेडिकल की परीक्षा बोर्ड ने आयोजित की थी। आमतौर पर परीक्षा के एक सप्ताह के अंदर एजेंसी आंसर-की जारी कर देती है।
बोर्ड का पूरा स्टाफ वार्षिक परीक्षा ड्यूटी में तैनात है, जबकि कई अध्यापकों की ड्यूटी चुनाव में लगी है। बोर्ड एक सप्ताह के अंदर परीक्षा की आंसर-की जारी करेगा-विनय धीमान, सचिव, स्कूल शिक्षा बोर्ड