अंडर ग्रेजुएट पाठ्यक्रमों में डीयू के अंतर्गत आने वाले सेंट स्टीफंस और जीसस एंड मैरी कॉलेज में दाखिला पाने के लिए अब छात्रों को अलग से आवेदन नहीं करना होगा। उन्हें डीयू के दूसरे कॉलेजों के लिए बनाई गई केंद्रीयकृत आवेदन प्रक्रिया में शामिल कर लिया गया है।
हालांकि, दोनों कॉलेज समेत तीन और कॉलेज जो कि अल्पसंख्यक का दर्जा प्राप्त है, वह डीयू से अलग अपना कटऑफ निकाल पाएंगे। यह अहम फैसला सोमवार को डीयू की दाखिला समिति की बैठक में लिया गया।
बैठक में कश्मीरी माइग्रेंट स्टूडेंट को और ज्यादा छूट का तोहफा दिया गया है। वहीं ईसीए स्पोर्ट्स कोटे के दाखिला पाना अब आसान नहीं होगा। बैठक में अभी तक कटऑफ की डेट को लेकर फैसला नहीं लिया गया है। आवेदन 28 मई से 16 जून के बीच सिर्फ ऑनलाइन लिया जाएगा।
सेंट स्टीफंस और जीसस एंड मैरी कॉलेज डीयू के अल्पसंख्यक दर्जा प्राप्त कॉलेज है। डीयू के अंतर्गत आने के बाद भी वह स्नातक पाठ्यक्रमों के लिए अलग से आवेदन लेने के साथ कटऑफ निकालते थे। डीयू के अंतर्गत आने वाले तीन और कॉलेज खालसा कॉलेज देव नगर, गुरु गोविंद सिंह कॉलेज ऑफ कॉमर्स और माता सुंदरी कॉलेज ने भी दोनों कॉलेज का हवाला देकर अल्पसंख्यक का दर्जा मांगा।
साथ ही अलग से आवेदन और कटऑफ निकालने का अधिकार भी। डीयू ने इन कॉलेजों दो अल्पसंख्यक का दर्जा देने के साथ कटऑफ निकालने की स्वतंत्रता तो दे दी, लेकिन आवेदन केंद्रीयकृत प्रक्रिया को अपनाने के लिए कहा है।