गुड न्यूज, नए सत्र से सरकारी कॉलेज में दाखिला लेने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए कई नए कोर्स की शुरूआत होगी। दरअसल सीबीएसी 12वीं रिजल्ट के बाद शहर के कॉलेजों में दाखिले की प्रक्रिया अगले महीने से शुरू होने जा रही है। कुछ वर्षों से चंडीगढ़ के सरकारी कॉलेजों में दाखिले के लिए मारामारी अधिक रहती है। कम खर्च में क्वालिटी एजुकेशन के कारण युवाओं में सरकारी कॉलेज को प्राथमिकता दी जाती है।
2015-16 में शहर के तीन कॉलेजों को यूनिवर्सिटी ग्रांट कमीशन (यूजीसी) की नैक टीम ने ए ग्रेड से नवाजा है। ए ग्रेड पाने वाले कॉलेजों में जीसीजी-11, जीसीजी-42 और गवर्नमेंट कालेज-46 शामिल हैं। पंजाब यूनिवर्सिटी के हर वर्ष घोषित रिजल्ट में सरकारी कॉलेज के विद्यार्थियों का प्रदर्शन शानदार रहता है।
सरकारी कालेजों में स्मार्ट क्लास रूम से लेकर एमफिल और पीएचडी कोर्स ऑफर किए जा रहे हैं। इसमें आर्ट्स और कॉमर्स संकाय ही नहीं बल्कि कई प्रोफेशनल कोर्स के भी विकल्प हैं। नए सत्र से कॉलेज में दाखिला लेने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए शहर के सरकारी कॉलेजों में उपलब्ध अंडर ग्रेजुएट कोर्स के बारे में जानकारी दी जा रही है।
कम फीस में हॉस्टल की बेहतर सुविधा
शहर के पांच सरकारी कॉलेज में से चार में लड़के और लड़कियों के लिए हॉस्टल की सुविधा है। प्राइवेट कॉलेजों के मुकाबले सरकारी में हॉस्टल खर्च काफी कम है। जीसी-11 में तीन हॉस्टल हैं, इसमें एक लड़कियों के लिए है। जीसीजी-11 में तीन हॉस्टल के अलावा एक और का निर्माण कार्य जारी है। जीसीजी-42 कैंपस में लड़कियों के लिए दो हॉस्टल हैं। जीसी-46 में बाहरी राज्यों से दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों को सेक्टर-15 और सेक्टर-20 गवर्नमेंट कॉलेज ऑफ एजुकेशन हॉस्टल में सीटें दी जाती हैं।