डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम टेक्निकल यूनिवर्सिटी (एकेटीयू) के सभी संबद्ध इंजीनियरिंग व मैनेजमेंट कॉलेजों में सहायक प्रोफेसर स्तर के शिक्षकों को फेकल्टी एप्टीट्यूड टेस्ट (फेट) देना होगा।
इसके लिए विवि ने सभी कॉलेजों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। परीक्षा के आवेदन के लिए अंतिम तिथि 11 जून रखी गई है। दरअसल, तकनीकी कॉलेजों में शिक्षा की गुणवत्ता को सुधारने के लिए एकेटीयू पहली बार सहायक प्रोफेसर स्तर के शिक्षकों के लिए फेकल्टी एप्टीट्यूड टेस्ट आयोजित कर रही है।
जिससे बेहतर शिक्षको की तलाश कर कॉलेजों में शिक्षा के स्तर को सुधारा जा सके। इस परीक्षा को पास करने वाले शिक्षकों को शिक्षण संस्थानों में सहायक प्रोफेसर पद पर तैनाती मिलेगी। ऐसे शिक्षको को एकेटीयू के रिसर्च प्रमोशन योजनाओं में महत्व दिया जाएगा। साथ विवि द्वारा अन्य कई सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी।
पीएचडी सहित पीजी कोर्सों में दाखिले के लिए टेस्ट
इस बार फेकल्टी एप्टीट्यूड टेस्ट (फेट) के माध्यम से ही पीएचडी सहित एमटेक, एमआर्क और एमफार्मा कोर्सों में दाखिला मिलेगा। सभी कोर्सों के अलग-अलग प्रश्नपत्र होंगे। इस परीक्षा को पास करने वाले अभ्यर्थियों को काउंसलिंग व अन्य प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद एडमिशन मिलेगा। ग्रेजुएट एप्टीट्यूट टेस्ट (गेट) पास करने वाले अभ्यर्थियों को इसमें छूट दी गई है।
ऑनलाइन भरे जाएंगे फार्म
एकेटीयू की अधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन फार्म 11 जून तक भरे जाएंगे। सामान्य और ओबीसी वर्ग के लिए आवेदन शुल्क दो हजार रुपये जबकि एससी, एसटी, महिला और अन्य वर्गों के लिए एक हजार रुपये देने होंगे। 15 जून तक वेबसाइट पर एडमिट कार्ड ऑनलाइन मिलेंगे। 19 जून को परीक्षा आयोजित की जाएगी।