परिषदीय विद्यालयों की परीक्षाओं
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
पंजाब सरकार द्वारा निजी कंपनियों के साथ मिलकर इसी सेशन से सरकारी स्कूलों में जॉब ओरिएंटेड कोर्स शुरू कर दिए गए हैं। स्कूलों में कोर्स करने के बाद छात्रों को आटो मोबाइल व आईटी कंपनियां नौकरी देंगी। नौंवी कक्षा से ही छात्रों को इन लैब में ट्रेनिंग देना शुरू होगा जोकि अगले चार साल तक जारी रहेगी।
योजना के पहले चरण के तहत यहां के सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल (लड़के) में छात्रों के लिए जॉब ओरिएंटेड कोर्स शुरू हो गए हैं। 8 लाख रुपये की लागत से आटो मोबाइल तथा इंफर्मेशन एंड टेक्नोलॉजी लैबोरेटरी तैयार की गई है। इसका उद्घाटन शुक्रवार को वित्त मंत्री ढींढसा के ओएसडी अमनवीर सिंह चैरी ने किया।
समागम के दौरान चैरी ने बताया कि इलाके के पांच स्कूलों में ये कोर्स शुरू होंगे। सुनाम स्कूल में पांच लाख की लागत से आटो मोबाइल तथा तीन लाख से आईटी लैब बनाई गई है। पंजाब सरकार तथा निजी कंपनियों के समझौते के तहत नौंवी कक्षा में पढ़ने वाले छात्रों को लगातार चार सालों के लिए इस लैब में ट्रेनिंग दी जाएगी और इनमें से 70 फीसदी छात्रों को नौकरी जरूर मिलेगी। सरकार ने दोनों लैब में इंस्ट्रक्टर भी तैनात कर दिए हैं। दोनों लैब में 50 छात्रों को एडमिशन मिलेगी।
उन्होंने छात्रों से अपील की कि इस कोर्स का लाभ उठाएं। समागम में जिला शिक्षा अधिकारी संदीप नागर तथा प्रिंसिपल दिनेश गुप्ता ने कहा कि सरकार का यह प्रयास नौजवानों के लिए वरदान साबित होगा। लैब में अत्याधुनिक मशीनरी स्थापित की गई है। मौके पर प्रितपाल सिंह हांडा, तेजिंदर सिंह संघरेडी, सुनीता शर्मा, अच्छरू गोयल, धीरज कुमार, सुरिंदर भरूर, रविंदर गोरखा, दलजीत सिंह, गुरसिमरत सिंह हाजिर थे।