जम्मू विश्वविद्यालय में आगामी दो अप्रैल को हो रहे 16वें दीक्षांत समारोह की तैयारियां तेज की गई हैं। समारोह को सफल बनाने के लिए विभिन्न कमेटियां अपने स्तर पर काम करवा रही हैं।
वीरवार को आपत्तियां दर्ज करवाने की आखिरी तिथि थी, जिसमें दो विद्यार्थियों ने ही आपत्तियां दर्ज करवाईं। इसकी पुष्टि करते हुए रजिस्ट्रार प्रो. केशव शर्मा ने बताया कि आपत्तियां दर्ज करवाने के दो मामलों को हल कर लिया गया है। आगामी 14 मार्च से दीक्षांत समारोह के लिए आवेदन लेने की प्रक्रिया शुरू होगी जो 18 मार्च तक चलेगी। विद्यार्थियों की सूची को फाइनल किया जा रहा है।
दीक्षांत समारोह में वर्ष 2014 सेशन के 88 टापरों के अलावा 104 पीएचडी धारकों को डिग्रियां वितरित की जाएंगी। इन दिनों जम्मू विश्वविद्यालय में दीक्षांत समारोह के लिए मरम्मत के अलावा अन्य कार्यों को पूरा किया जा रहा है। जोरावर सिंह सभागार में साफ-सफाई को तवज्जो दी जा रही है।
दीक्षांत समारोह को सफल बनाने के लिए संबंधित विभागों को समन्वय मजबूत बनाकर काम करने को कहा गया है। समारोह में देश के उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी, मुख्य न्यायाधीश टीएस ठाकुर सहित अन्य प्रमुख लोगों का शामिल होना प्रस्तावित है।