आगामी सत्र में दाखिले के लिए लखनऊ विश्वविद्यालय में कुल 26,288 आवेदन आए हैं। इनमें सर्वाधिक 10,255 आवेदन बीएससी के लिए हैं, जिसमें 7200 ने मैथ्स और 3055 ने बायो को चुना है।
हालांकि, प्रवेश के लिए सबसे कड़ा मुकाबला बीसीए में होगा। इसकी 60 सीटों के लिए 1204 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। इस हिसाब से एक सीट के लिए 20 से अधिक अभ्यर्थियों में मुकाबला होगा।
विवि में आवेदन की प्रक्रिया खत्म होने के बाद अब 30 मई से तीन जून के बीच होने वाली प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी चल रही है। इसके लिए 23 मई की दोपहर एक बजे से एडमिट कार्ड विवि की वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए जाएंगे, जहां से स्टूडेंट्स इसे डाउनलोड कर सकते हैं।