सूबे के बेरोजगारों के लिए खुशखबरी है। प्रदेश के विभिन्न 17 सरकारी विभागों में भरे जाने वाले जूनियर ऑफिस असिस्टेंट के पदों में बढ़ोतरी हो गई है। हिमाचल प्रदेश अधीनस्थ सेवाएं चयन बोर्ड अब 1387 पदों पर जूनियर ऑफिस असिस्टेंट की भर्ती करेगा।
पहले चयन बोर्ड ने 946 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे थे। इन पदों पर भर्ती के लिए बोर्ड ने बीते साल अक्तूबर और नवंबर के बीच आवेदन मांगे हैं। अब जूनियर ऑफिस असिस्टेंट के 441 पदों की बढ़ोतरी हुई है। जूनियर ऑफिस असिस्टेंट के पद भरने को परीक्षा तिथि निर्धारित कर दी है।
बोर्ड प्रदेश भर के जिला मुख्यालयों पर 10 अप्रैल को लिखित परीक्षा लेगा। परीक्षा सुबह के सत्र में 10 बजे से 12 बजे तक होगी। भर्ती परीक्षा के लिए उम्मीदवारों का लंबा इंतजार अब खत्म हो गया है।
17 विभागों में भरे जाएंगे पद
बिजली बोर्ड, उच्च शिक्षा विभाग, प्रारंभिक शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, सहकारी सभाएं, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, आईपीएच, कृषि, एडवाइजर प्लानिंग, पंचायतीराज, प्रिंटिंग एंड स्टेशनरी, पशुपालन, इलेक्शन विभाग, राज्य चुनाव आयोग, युवा सेवाएं एवं खेल, एचपीएसआईडीसी, जिलाधीश किन्नौर।