प्रदेश पुलिस विभाग में महिला वर्ग से सब इंस्पेक्टर के पदों पर भर्ती के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा राजकीय बहुतकनीकी महाविद्यालय बड़ू के खेल मैदान में 20 और 21 अप्रैल को होगी। लिखित परीक्षा उत्तीर्ण करने वाली अभ्यर्थियों को ही शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए बुलावा पत्र भेजे गए हैं।
पुलिस विभाग में महिला सब इंस्पेक्टर के 16 पद भरे जाने हैं। इन पदों पर भर्ती के लिए हिमाचल प्रदेश अधीनस्थ सेवाएं चयन बोर्ड ने इसी साल 17 जनवरी को लिखित परीक्षा का आयोजन किया था। बोर्ड ने 29 मार्च को लिखित परीक्षा का रिजल्ट घोषित किया।
प्रदेशभर से 2971 अभ्यर्थियों ने लिखित परीक्षा दी, जिसमें 316 को सफल घोषित किया गया। लिखित परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले अभ्यर्थियों के लिए अब शारीरिक दक्षता परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। शारीरिक दक्षता परीक्षा पास करने वाली महिला अभ्यर्थियों को बाद में साक्षात्कार के लिए बुलाया जाएगा। चयन प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बनाए रखने के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा की वीडियोग्राफी भी होगी।
इन वर्गों से भरे जाएंगे 16 पद
प्रदेश पुलिस विभाग में महिला सब इंस्पेक्टर के भरे जाने वाले 16 पदों को विभिन्न श्रेणियों में बांटा गया है। सामान्य वर्ग से 6 पद, सामान्य आईआरडीपी से 1, सामान्य भूतपूर्व से 1, ओबीसी से एक, ओबीसी आईआरडीपी और भूतपूर्व वर्ग से 1-1, अनुसूचित जाति से 2, एससी आईआरडीपी और भूतपूर्व वर्ग से 1-1, जबकि अनुसूचित जनजाति वर्ग से 1 पद पुलिस विभाग में भरा जाएगा।
राजकीय बहुतकनीकी महाविद्यालय बड़ू के खेल मैदान में 20 और 21 अप्रैल को भर्ती परीक्षा का आयोजन होगा। लिखित परीक्षा उत्तीर्ण करने वाली अभ्यर्थियों को ही शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए बुलावा पत्र भेजे गए हैं।-विजय कुमार, सचिव, हिप्र अधीनस्थ सेवाएं चयन बोर्ड हमीरपुर।