संस्थान की 120 सीटों के लिए होने वाली इस प्रवेश परीक्षा का आयोजन अब 25 जून को किया जाएगा।
- फोटो : Demo pic
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के मैनेजमेंट स्कूल ने नए शैक्षणिक सत्र के लिए तय मैनेजमेंट एप्टीट्यूट टेस्ट (मेट) के शेडयूल में बदलाव किया है। संस्थान की 120 सीटों के लिए होने वाली इस प्रवेश परीक्षा का आयोजन अब 25 जून को किया जाएगा।
प्रवेश परीक्षा का परिणाम 7 जुलाई को घोषित किया जाएगा। इस छंटनी परीक्षा के परिणाम के आधार पर 18 जुलाई को जीडी और इंटरव्यू होगा। एचपीयू बिजनेस स्कूल के निदेशक प्रो. यशवंत गुप्ता ने बताया कि इस प्रवेश परीक्षा के लिए दस जून तक प्रवेश फार्म भरे जा सकते हैं।
120 सीटों में से 60 सामान्य सीटें सब्सिडाइज्ड होंगी, जबकि 60 सीटें स्वयं वित्त पोषित होंगी। आचार्य गुप्ता ने बताया कि हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय प्रबंधन स्कूल 1971 से लेकर एमबीए की शिक्षा प्रदान कर रहा है और उत्तर क्षेत्र में अग्रणी संस्थान के रूप में उभरकर सामने आया है। इस संस्थान में विद्यावाचस्पति (पीएचडी) कार्यक्रम भी चलाया जा रहा है।
हाल ही में उत्तर क्षेत्र के सर्वश्रेष्ठ प्रबंधन स्कूल के रूप में विश्वविद्यालय के एमबीए विभाग को श्रेष्ठ पुरस्कार से नवाजा गया है। फिलिपींस के एलपी विश्वविद्यालय से हाल ही में शैक्षणिक आदान-प्रदान के लिए इस विभाग की ओर से आचार्य सीएल चंदन के नेतृत्व में समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इस वर्ष लगभग 30 छात्रों को एक प्रतिष्ठित बैंक और एक बड़े उद्योग में प्लेसमेंट प्रदान किया गया है।