छात्र 14 से 19 मार्च तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
- फोटो : डेमो पिक
केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं से वंचित रहे स्कूली बच्चों को सरकार ने राहत दी है। शिक्षा विभाग विभिन्न छात्रवृत्तियों को ऑनलाइन आवेदन के लिए एक बार फिर से अपनी वेबसाइट को ओपन करेगा। इसके माध्यम से बच्चे 14 से 19 मार्च तक विभिन्न छात्रवृत्तियों को आवेदन करके इसका लाभ उठा पाएंगे।
जानकारी के अनुसार इससे पूर्व केंद्र और प्रदेश सरकार की लगभग आधा दर्जन के करीब विभिन्न योजनाओं के माध्यम से छात्रवृत्ति को आवेदन मांगे गए थे। इसमें आर्थिक और मेरिट आधार पर बच्चों को आवेदन करने थे। लेकिन प्रदेश भर के हजारों बच्चे विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं के लिए आवेदन नहीं कर पाए थे।
इसलिए विभाग ने 2015-16 सत्र के बच्चों को छात्रवृत्ति को आवेदन करने के लिए छह दिनों तक hpepass.cgg.gov.in वेबसाइट खोलने के आदेश जारी किए हैं। उधर, उच्च शिक्षा उपनिदेशक कांगड़ा कमल किशोर गुप्ता ने बताया कि 14 से 19 मार्च तक बच्चे छात्रवृत्तित को ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
इन योजनाओं के तहत करें आवेदन- डॉ. भीमराव अंबेदकर, स्वामी विवेकानंद, ठाकुर सेन नेगी, महर्षि वाल्मीकि, आईआरडीपी, अन्य पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पूर्व मैट्रिक और मैट्रिकोत्तर छात्रवृत्ति योजना सहित आर्थिक रूप से पिछड़े वर्ग के लिए डॉ. भीमराव अंबेदकर छात्रवृत्ति योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।