उत्तराखंड बोर्ड परीक्षाफल में हाईस्कूल में 82.89 प्रतिशत परीक्षाफल के साथ रुद्रप्रयाग एवं इंटरमीडिएट में 86.56 फीसदी के साथ बागेश्वर प्रदेश में पहले स्थान पर रहा। वहीं हरिद्वार जनपद दोनों ही परीक्षाओं में फिसड्डी रहा।
हाईस्कूल परीक्षा में पौड़ी गढ़वाल दूसरे स्थान पर रहा। जनपद के 12 हजार 893 बच्चों ने परीक्षा दी। जिसमें 10317 बच्चे विभिन्न श्रेणियों में पास हुए। जबकि बागेश्वर 79.56 फीसदी के साथ तीसरे और पिथौरागढ़ जनपद 78.91 फीसदी के साथ चौथे स्थान पर रहा। वही देहरादून 78.31 फीसदी परीक्षाफल के साथ पांचवें स्थान पर रहा।
परीक्षाफल में में चंपावत का परीक्षाफल 77.81, नैनीताल का 75.81, चमोली का 73.82, अल्मोड़ा का 73, टिहरी गढ़वाल का 71.53, ऊधमसिंह नगर का 70.14 एवं उत्तरकाशी जनपद का 66.65 फीसदी रहा। जबकि इंटरमीडिएट के परीक्षा परिणामों में पिथौरागढ़ दूसरे एवं देहरादून दसवें स्थान पर रहा।
हाईस्कूल में गढ़वाल तो इंटरमीडिएट में छाया कुमाऊं
उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा परिणामों में अपने पहाड़ का जलवा रहा। हाईस्कूल मेरिट में गढ़वाल मंडल के होनहार छाए रहे तो इंटरमीडिएट में कुमाऊं मंडल ने बाजी मारी। इंटरमीडिएट की मेरिट सूची में कुमाऊं मंडल के 42 और गढ़वाल मंडल के 35 मेधावियों ने अपने लिए स्थान बनाया। जबकि हाईस्कूल मेरिट सूची में गढ़वाल मंडल के 72 और कुमाऊं मंडल के 56 छात्रों ने जगह पाई।