कोचिंग सेंटर ने प्रदेश के युवाओं से 28 अप्रैल तक कोचिंग के लिए आवेदन मांगे हैं।
- फोटो : Demo pic
हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी शिमला प्रदेश के युवाओं को भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी और हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा अधिकारी बनने में मददगार बनेगा। विवि इसके अलावा युवाओं को बैंक प्रोबेशनरी अधिकारी भी बनाएगा।
विवि का प्री-एक्जामिनेशन कोचिंग सेंटर (पीईसीसी) आरक्षित वर्ग के युवाओं को आईएएस, एचएएस और बैंक पीओ की निशुल्क कोचिंग देगा। कोचिंग सेंटर ने प्रदेश के युवाओं से 28 अप्रैल तक कोचिंग के लिए आवेदन मांगे हैं।
विवि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और ओबीसी वर्ग से संबंधित युवाओं को निशुल्क, जबकि सामान्य वर्ग के युवाओं को कम शुल्क पर आईएएस, एचएएस और बैंक पीओ की प्रारंभिक परीक्षाओं की तैयारी करवाएगा।
ओबीसी से संबंधित युवाओं की वार्षिक आय तीन लाख से कम, जबकि एससी और एसटी वर्ग के युवाओं की वार्षिक आय ढाई लाख से कम होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग के युवाओं को निशुल्क कोचिंग के अलावा 75 फीसदी उपस्थिति पर प्रदेश सरकार की ओर से छात्रवृत्ति भी प्रदान की जाएगी।
कोचिंग के लिए ऐसे करें आवेदन
विवि की वेबसाइट से भी आवेदन फार्म डाउनलोड किए जा सकते हैं।
- फोटो : Demo pic
सामान्य वर्ग के युवाओं को प्रति कोर्स कोचिंग के लिए दो हजार रुपये शुल्क देना होगा। इस कोचिंग के लिए आवेदन किसी भी कार्यदिवस पर पीईसीसी निदेशक कार्यालय से प्राप्त किए जा सकते हैं। इसके अलावा विवि की वेबसाइट से भी आवेदन फार्म डाउनलोड किए जा सकते हैं।
अभ्यर्थियों का चयन स्नातक डिग्री के प्राप्त अंकों के आधार पर किया जाएगा। स्नातक अंतिम वर्ष की परीक्षा देने वाले विद्यार्थी भी इस कोचिंग के लिए आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए इच्छुक व्यक्ति दूरभाष नंबर 0177-2830791, 2833458 पर संपर्क कर सकते हैं।
एचपीयू 2 मई से 2 जून तक आईएएस, एचएएस और बैंक पीओ की कोचिंग देगा। आरक्षित वर्ग के लिए यह कोचिंग निशुल्क होगी, जबकि सामान्य वर्ग को प्रति कोर्स 2 हजार रुपये शुल्क देना होगा। आवेदन फार्म 28 अप्रैल तक जमा करवाए जा सकते हैं।-प्रो. जोगिंद्र सिंह धीमान, निदेशक, पीईसीसी।