हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय, हमीरपुर।
हिमाचल प्रदेश टेक्निकल यूनिवर्सिटी हमीरपुर से शिक्षा हासिल कर रहे स्टूडेंट्स अपनी पसंद के विषय पढ़ सकेंगे। एकेडमिक काउंसिल की बैठक में मूल विषय के साथ इच्छुक विषय को शामिल करने पर निर्णय हुआ है। इंजीनियरिंग और एमबीए के विद्यार्थी अपनी रुचि के अनुसार विषयों में पढ़ाई कर सकेंगे।
अगर कोई मेकेनिकल इंजीनियरिंग का स्टूडेंट सिविल इंजीनियरिंग के विषय में रुचि रखता है तो वह उस विषय की कक्षाएं भी लगा सकेगा। इसी तरह किसी भी विभाग से इंजीनियरिंग के छात्र दूसरे विभाग के विषय में शिक्षा हासिल कर सकते हैं। इसके अलावा एमबीए के विद्यार्थियों को भी फाइनांस, इंश्योरेंस और मार्केटिंग समेत अन्य विभागों के विषयों को पढ़ने की सुविधा मिल गई है।
एमबीए में प्रारंभिक चरण में तीन विषयों पर्यटन, इंश्योरेंस एंड रिस्क मैनेजमेंट और सिक्योरिटी मैनेजमेंट विषयों को इलेक्टिव विषय के तौर पर शामिल किया गया है। टेक्निकल यूनिवर्सिटी की एकेडमिक काउंसिल के इस निर्णय से प्रदेश के 43 महाविद्यालियों में
शिक्षा हासिल कर रहे सात हजार से अधिक विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिली है। यूनिवर्सिटी में इसी शैक्षणिक सत्र से इलेक्टिव विषयों की पढ़ाई शुरू होगी। साथ ही बीटेक के कोर्स को इंडस्ट्री कोर्स से लिंक किया गया है, ताकि औद्योगिक जरूरत के मुताबिक सिलेबस की सुविधा मिल सके।
टेक्निकल यूनिवर्सिटी की एकेडमिक काउंसिल ने इलेक्टिव विषयों को शामिल करने का निर्णय लिया है। इंजीनियरिंग और एमबीए की पढ़ाई करने वाले स्टूडेंट अब मूल विषयों के अलावा इच्छुक विषयों में भी पढ़ाई कर सकेंगे। -डॉ. एनएन शर्मा, डीन एकेडमिक, हिप्र टेक्निकल यूनिवर्सिटी, हमीरपुर