निजी स्कूलों में आर्थिक पिछड़े वर्ग व वंचित वर्ग केनर्सरी में दाखिले के लिए निकलने वाले दूसरे कंप्यूटराइज्ड ड्रा को स्कूलों ने लेट करा दिया है। निजी स्कूल पहले ड्रा के आधार पर दाखिले केस्टेटस की जानकारी नहीं दे रहे हैं। ऐसे में अब शिक्षा निदेशालय ने स्कूलों को यह जानकारी देने के लिए दो मई शाम छह बजे तक का फाइनल अल्टीमेटम दिया है।
उसके बाद निदेशालय की ओर से जानकारी देने के लिए उपलब्ध कराए गए मॉड्यूल को फ्रीज कर दिया जाएगा। अब दो मई तक जो जानकारी पहुंचेंगी, उसी के आधार पर दाखिले के लिए दूसरा कंप्यूटराइज्ड ड्रा निकालेगा। यदि स्कूलों की ओर से दी गई जानकारी में किसी प्रकार की विसंगति पाई जाती है तो स्कूल ही इसके लिए जिम्मेदार होंगे।
शिक्षा निदेशालय में अतिरिक्त शिक्षा निदेशक (एक्ट-) डॉ. आशिमा जैन की ओर से इस संबंध में निजी स्कूलों को इस संबंध में आदेश जारी किया है। आदेश में कहा गया है कि स्कूलों से शिक्षा निदेशालय की वेबसाइट पर दिए गए मॉड्यूल में आर्थिक पिछड़े वर्ग व वंचित वर्ग के दाखिलों की जानकारी मांगी गई थी लेकिन तमाम आदेशों के बाद भी स्कूल जानकारी नहीं दे रहे, जिसके कारण दूसरे कंप्यूराइज्ड ड्रा में देरी हो रही है।
शिक्षा निदेशालय ने इस बार गरीब वर्ग के दाखिलों के लिए कंप्यूटराइज्ड ड्रा किए थे। जिसके बाद ड्रा में चयनित हुए बच्चों की सूची स्कूलों को ऑनलाइन भेजी गई थी। स्कूलों को निर्देशित किया गया था कि वह दाखिले की औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दाखिले, दाखिले रद्द, दाखिले के लिए नहीं पहुंचे, प्रतीक्षा में, प्रोविजनली दाखिला संबंधी जानकारी 23 फरवरी तक देने के लिए कहा था। जिसके बाद दाखिले के लिए तिथि को 29 फरवरी तक बढ़ाया गया था।
उसके बाद तिथि को 18 मार्च तक बढ़ाया गया और स्कूलों को 21 मार्च तक जानकारी देने के लिए कहा गया। इस समय सीमा को 8 अप्रैल तक बढ़ाया गया। लेकिन बावजूद कई स्कूलों ने सही तरीके से जानकारी नहीं भेजी।