डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय से संबद्घ कॉलेजों में इंजीनियरिंग से लेकर प्रबंधन तक के छात्रों को डिजिटल मीडिया का कोर्स पढ़ाया जाएगा।
यह कोर्स सिलेबस का हिस्सा होने के साथ ऑनलाइन भी उपलब्ध होगा। शुक्रवार को विश्वविद्यालय और इंडिया मार्ट कंपनी के बीच मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग पर हस्ताक्षर किए गए।
इसके तहत इंडिया मार्ट कंपनी विवि के 616 कॉलेजों में पढ़ने वाले छात्रों के लिए पूल प्लेसमेंट का भी आयोजन करेगी। यह पूल प्लेसमेंट लखनऊ और नोएडा में कराए जाएंगे। पहली प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन दो माह के अंदर करने की तैयारी है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वोकेशनल एजुकेशन के सचिव भुवनेश कुमार ने कहा कि कौशल विकास सभी छात्रों के लिए आवश्यक है और उच्च शिक्षा में इस तरह के रोजगार के अवसर एवं ट्रेनिंग बहुत ही जरूरी होते जा रहे हैं।
इस अवसर पर विवि के कुलसचिव पवन गंगवार भी उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम का संचालन विवि के प्लेसमेंट प्रभारी प्रो. मनीष गौढ़ ने किया।
मौके पर दिनेश कुमार ने बताया कि आज सबसे बड़ी समस्या है एकेडमिक्स और इंडस्ट्री के बीच की दूरी। पिछले कुछ सालों में डिजिटल मीडिया, ई-कॉमर्स, ई-सर्विसेज का चलन तेजी से बढ़ा है। आज कहीं से भी मोबाइल पर एक क्लिक करके कोई भी काम हो जाता है।