दून बिजनेस स्कूल को दो दिवसीय मैनफेस्ट-2016 का विजेता चुना गया। ट्रॉफी के लिए दून बिजनेस स्कूल, तुलाज इंस्टीट्यूट और उत्तरांचल यूनिवर्सिटी के बीच कांटे की टक्कर हुई। विभिन्न प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं के शानदार प्रदर्शन के दम पर मेजबान डीबीएस खिताब कब्जाने में कामयाब रहा।
कार्यक्रम के दूसरे दिन बिजनेस प्लान, बजट-2016, सोलो डांस, सोलो सिंगिंग, बिज़-क्विज, वाद-विवाद, टग आफ वार, शतरंज, आर्म रेसलिंग आदि प्रतियोगिताओं के फाइनल आयोजित किया गया। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा दिखाई।
कई कॉलेजों के छात्रों ने लिया भाग
समारोह के अंत में फैशन शो प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें तमाम कॉलेजों के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। संस्थान के चेयरमैन मोहित अग्रवाल ने विजेता दून बिजनेस स्कूल की टीम को मैनफेस्ट-2016 की ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि मैनफेस्ट जैसे कार्यक्रमों के जरिये छात्र-छात्राओं को किताबी ज्ञान के साथ ही अपनी छुपी हुई प्रतिभा दिखाने का भी मौका मिलता है।
कार्यक्रम में देहरादून, दिल्ली, हरिद्वार, सहारनपुर, रुड़की समेत अन्य शहरों के करीब 30 से अधिक कॉलेजों के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इस अवसर पर निदेशक डॉ. अशोक कुमार दुबे, डॉ. सुनीत सक्सेना, डॉ. ज्ञानेंद्र पांडे, डॉ. एमसी पोरवाल, ललित कुमार समेत अन्य मौजूद रहे।