पंजाब यूनिवर्सिटी (पीयू) की रविवार को होने वाली सिंडीकेट बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा होगी। बैठक में पीयू में एसोसिएट डीएसडब्ल्यू की नई पोस्ट बनाने को लेकर भी फैसला होगा। सिंडीकेट में करीब 69 प्रस्तावों पर चर्चा की जाएगी।
अगले सेमेस्टर से एलएलबी करने वाले विद्यार्थियों की फीस बढ़ना तय माना जा रहा है। बैठक में डिपार्टमेंट आफ इवनिंग स्टडीज के प्रोफेसर वीके चोपड़ा को एक्सटेंशन देने और आगामी सीनेट में पीयू प्रोफेसरों को अधिक प्रतिनिधित्व देने का मामला भी उठाया जाएगा। सितंबर-2016 में नई सीनेट में एससी-एसटी की सीटें रिजर्व करने का प्रस्ताव भी रखा जाएगा।
यूजीसी द्वारा 2013-14 के बीच कैरियर एडवांसमेंट स्कीम के तहत प्रमोशन दिए जाने को लेकर यूजीसी द्वारा आपत्तियां दर्ज किए जाने के मामले को भी सीनेट में रखा जाएगा। पीयू एफिलिएटेड कालेजों में प्रिंसिपल की नियुक्ति के नए नियमों को मंजूरी मिल सकती है। डीन यूनिवर्सिटी इंस्ट्रक्शन (डीयूआई) की नियुक्ति को लेकर प्रोफेसर की नई वरिष्ठता सूची भी पेश की जाएगी। पिछली सीनेट में डीयूआई की नियुक्ति को लेकर काफी हंगामा हुआ था।