काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (सीआईएससीई) ने बोर्ड परीक्षाओं में 12वीं का पॉलिटिकल साइंस का पेपर लीक होने की खबरों को अफवाह बताया है। सीआईएससीई ने साफ किया है कि यह परीक्षा निर्धारित तिथि पर ही कराई जाएगी। बता दें कि 12वीं पॉलिटिकल साइंस के बारे में कहीं बताया जा रहा है कि पेपर पहले ही बाहर आ गया, तो कहीं इसके प्रश्नों को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
परीक्षा की तैयारी करें छात्र
सीआईएससीई के सचिव गैरी अराथन की ओर से इस संबंध में एक सूचना जारी की गई है। उन्होंने बताया कि देशभर में और मीडिया में लगातार 12वीं के पॉलिटिकल साइंस के प्रश्न पत्र को लेकर अफवाहें फैल रही हैं।
उन्होंने साफ किया है कि यह प्रश्न पत्र कहीं भी लीक नहीं हुआ है। सब कुछ सही सलामत है। परीक्षा की तिथि चार अप्रैल तय है और इसी दिन देशभर में पॉलिटिकल साइंस की परीक्षा कराई जाएगी।
गौरतलब है कि प्रश्न पत्र पर सवाल उठने के बाद छात्र भी भ्रम की स्थिति में थे। उन्हें यह डर सता रहा था कि कहीं पेपर रद्द न हो जाए। अब काउंसिल ने साफ किया है कि छात्र अफवाहों पर गौर न करें और परीक्षा की तैयारी में जुटे रहें।