सूबे के इंजीनियरिंग व मैनेजमेंट कॉलेजों में प्रवेश के लिए होने वाले यूपी स्टेट एंट्रेंस एग्जाम की तैयारियों को लेकर मंगलवार को डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विवि (एकेटीयू) में सेंट्रल एडमिशन बोर्ड की बैठक हुई।
इसमें तय हुआ कि इस साल यूपीएसईई की काउंसलिंग में अभ्यर्थियों को अलग-अलग राउंड की काउंसलिंग के झंझट में नहीं पड़ना होगा। बल्कि वह एक ही बार में काउंसलिंग पूरा करा लिया जाएगा।
काउंसलिंग जून प्रथम सप्ताह से लेकर 20 जुलाई तक चलेगी। इसके बाद रिक्त सीटों के लिए 25 जुलाई को स्पॉट काउंसलिंग संभावित है। वहीं काउंसलिंग के विभिन्न चरण के बाद सरकारी संस्थानों की रिक्त सीटों के लिए भी स्पॉट काउंसलिंग होगी
यूपीएसईई की कमेटी में शामिल प्रो. मनीष गौढ़ ने बताया कि पहले चार राउंड की काउंसलिंग होती थी। इसमें प्रत्येक चरण के लिए अलग-अलग रैंक व श्रेणी तय थी। इसमें पहले राउंड की काउंसलिंग के बाद रिक्त सीटों के लिए दूसरे राउंड की काउंसलिंग और फिर तीसरे व चौथे राउंड की काउंसलिंग होती, लेकिन अब इतनी जटिलता नहीं होगी।